प्रदेश में सबसे ठंडा रहा बरेली, दो दिन और घना कोहरा और ठंड, अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार : दो दिन से धूप नहीं खिलने की वजह से ठंड से लोग कांप रहे हैं। कोहरे और पाले से मुसीबत और बढ़ गई है। प्रदेश में गुरुवार को बरेली में दिन सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग ने अभी 20 जनवरी तक घने कोहरे और ठंड का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

इसके बाद भी राहत की कम उम्मीद है। जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 10.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में करीब दो डिग्री का अंतर रहा।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार ऊपरी क्षोभ मंडल में 250-290 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही जेट स्ट्रीम के कारण उपोष्ण कटिबंधीय क्षेत्रों से ठंडी पछुआ हवाएं आ रही हैं। इसके अलावा निचले क्षोभ मंडल में स्थिरता की वजह से पड़ रहे कोहरे के कारण दिन के दौरान विकिरणीय ऊष्मन में आई प्रभावी कमी के कारण पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से ठंड पड़ रही है जो आगे भी जारी रहने की संभावना है।

इसके अलावा निचले क्षोभमंडल में चल रही पुरवा हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में हुई वृद्धि के थम जाने और दोबारा पछुआ हवाओं के प्रभाव से 20 जनवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में औसतन अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी को बरेली में घना कोहरा और अति शीत दिवस और 20 जनवरी को कोहरा और शीत दिवस का पूर्वानुमान है।

ये भी पढ़ें - बरेली: ओवरलोड ट्रक का चालान करने पर एआरटीओ को कुचलने की कोशिश, नैनीताल हाइवे पर कार से एआरटीओ की कार में मारी टक्कर

संबंधित समाचार