Ayodhya Ram Mandir: कानपुर से अयोध्या धाम गईं ई-सिटी बसें, आज से शहर में संचालन ठप... हजारों यात्री होंगे परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर से अयोध्या धाम गईं ई-सिटी बसें।

कानपुर से अयोध्या धाम गईं ई-सिटी बसें। 100 में 90 ई-सिटी बसें अयोध्या में दौड़ेंगी। 10 ई-सिटी बसें सड़क पर चलने लायक नहीं है। रोज 30 हजार के आसपास यात्री परेशान होंगे।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में शुक्रवार से ई-सिटी बसें दिखना बंद हो जाएंगी। इसकी वजह उपलब्ध 100 बसों में 90 बसों का अयोध्या भेजा जाना है। पहले अयोध्या जाने वाली बसों की संख्या 40 थी, अब नए आदेश में 90 बसें भेजने को कहा गया है। ऐसे में बची हुई 10 बसें इस लायक नहीं हैं कि उन्हें सड़क पर चलाया जा सके। ई-सिटी बसों का संचालन ठप होने से रोज लगभग 30 हजार यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी।

अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए उमड़ने वाले जनसैलाब को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए शहर से 90 ई-सिटी बसों को भेजा गया है। कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अधिकारियों ने 40 बसें  कम होने पर वैकल्पिक रूट की योजना बनाई  थी। लेकिन अब 40 से बढ़ाकर 90 बसों को अयोध्या भेजे जाने से सभी योजना ध्वस्त हो गई है। 

जाने से पहले सजाईं बसें. वापसी का समय तय नहीं

अयोध्या के लिए 65 ई-सिटी बसों को सजाकर रवाना कर दिया गया। बची 25 बसों को शुक्रवार शाम तक रवाना किया जाएगा। अयोध्या के लिए ई-सिटी बसों को केसरिया, पीले, लाल और हरे रंग से सजाया गया है। बसों पर ‘अयोध्या धाम में आपका स्वागत है’ और ‘जय श्रीराम’ के स्टीकर लगाए गए हैं। अघिकारियों की माने तो शहर से जाने वाली बसों के वापसी का समय अभी तय नहीं है। पहले इन बसों के 25 जनवरी तक शहर आने की बात हुई थी। अब वापसी की तारीख आठ फरवरी बताई जा रही है।  

30 सीएनजी बसें सड़क पर उतारने का फैसला

ई-सिटी बसों के विकल्प के रूप में 30 सीएनजी बसों को सड़क पर उतारने का फैसला हुआ है। शहर के बाहर चल रही 30 सीएनजी बसों को अधिकारियों ने शहर के भीतर चलाने की रूपरेखा बनाई है, ताकि यात्रियों को सहूलियत मिल सके। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने कहा कि 90 ईसिटी बसों के जाने से विकल्प के तौर पर सीएनजी बसों को उतारा जा रहा है। कुछ बसों को रिजर्व रखा गया है। यात्री लोड बढ़ने पर उन बसों को भी चिह्नित रूटों पर उतारा जाएगा। 

इन रूट पर मिलेंगी बसें

30 सीएनजी बसों में से 15 बसों को रामादेवी से आईआईटी के रूट पर चलाया जाएगा। इसके अलावा 15 सीएनजी बसों को जाजमऊ से बिठूर तक के यात्रियों के लिए लगाया जाएगा। 10 खराब ई-सिटी बसों को भी ठीक कर चलाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: संगम एक्सप्रेस में अंगीठी जलाने पर FIR दर्ज, CCTV से की होगी आरोपियों की पहचान

संबंधित समाचार