Video : कड़ाके की ठंड में भी देखिये इन रामभक्तों का जोश, एक महीने में पदयात्रा कर मुंबई से पहुंचे जायस
अमेठी, अमृत विचार। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। ऐसे में दूर-दूर से भक्त पैदल चलकर अयोध्या पहुँच रहे हैं। 14 जनवरी से ही जगह-जगह स्वागत द्वार और केसरिया पताकाएं लहराने लगी है। चौराहों और मंदिरों से 'एक ही नारा एक ही नाम, जय श्रीराम-जय श्रीराम' लाउड स्पीकरों से गूंजने लगा है। घरों से लेकर मंदिरों तक में भगवान राम की पूजा होने लगी है।
इस कड़ाके की ठंड में मुम्बई से पैदल चलकर राम भक्तों का एक जत्था हाथो में केसरिया रंग का झंडा लिए जय श्रीराम का नारा लगाते हुए गुरुवार की देर शाम जायस कस्बा पहुंचा। लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो जत्थे को रोककर उनका स्वागत करते हुए हौसला बढ़ाया। अयोध्या के लिए निकले जत्थे को रात्रि विश्राम मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान में बने रैन बसेरे में कराया गया। इस दौरान पुखराज और किशोर पुखराज के नेतृत्व में चल रहे राम भक्तों ने बताया कि मुम्बई के थुरेन्डी से 19 दिसम्बर को पैदल यात्रा प्रारंभ की थी। बागेश्वर धाम में पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का आशीर्वाद लेने के बाद यात्रा के एक महीने पूरे होने पर गुरुवार की शाम को जायस पहुंचा हूं। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की घड़ी करीब आने से अब लग रहा है कि फिर से राम राज्य आ गया है।
शुक्रवार की सुबह राम भक्तों का जत्था करीब 11 बजे अयोध्या के लिए रवाना हुआ। सनातनी धर्मेंद्र वर्मा, उमेश साहू, अभिषेक श्रीवास्तव, आशुतोष, मोहित, नीशू, राजन, राहुल वर्मा, अजीत कुमार सोनकर के साथ तमाम लोगों ने कस्बे से चार किलोमीटर दूर तक जत्थे के साथ चलकर एक ही नारा एक ही नाम, जय श्रीराम जय श्रीराम के गगन भेदी नारों के साथ उनका हौसला बढ़ाया।
महीने भर की पैदल यात्रा कर जायस कस्बे में पहुंचे मुम्बई से आये राम भक्त - Video pic.twitter.com/4iThFJvFuQ
— Amrit Vichar (@AmritVichar) January 19, 2024
ये भी पढ़ें -रामलला के दर्शन टेंट में करने की दशकों पुरानी पीड़ा अब दूर होने वाली है', सोलापुर में बोले प्रधानमंत्री मोदी
