अमेरिका ने हसीना सरकार को मान्यता न देने की अवधारणा को किया खारिज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन/ढाका। अमेरिका ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के लगातार चौथे कार्यकाल को मान्यता न देने संबंधी अवधारणा से इनकार किया है। वाशिंगटन में गुरुवार को विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर से दैनिक ब्रीफिंग में यह पूछे जाने पर कि जब आप कहते हैं कि बांग्लादेश में चुनाव परिणाम विश्वसनीय, स्वतंत्र या निष्पक्ष नहीं थे, तो क्या इसका मतलब यह तो नहीं है कि अमेरिका हसीना के लगातार चौथे कार्यकाल को मान्यता नहीं देगा।

 उन्होंने तत्काल अपने जवाब में कहा , नहीं , बिलकुल नहीं। उन्होंने हालांकि इस बात पर भी खेद व्यक्त किया कि बंगलादेश में आम चुनावों में सभी दलों ने भाग नहीं लिया और चुनाव के दौरान हिंसा भी हुई। मिलर ने कहा कि बंगलादेश की सरकार को हिंसा की रिपोर्टों की विश्वसनीय और पारदर्शी जांच करनी चाहिए। उन्होंने सभी दलों से राजनीतिक हिंसा को अस्वीकार करने का आग्रह भी किया। 

गौरतलब है कि बंगलादेश में नयी सरकार के लिए अन्य देशों की तरह अमेरिका ने भी अपनी प्रतिक्रिया में ‘बधाई’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था जिससे विश्लेषकों ने माना कि अमेरिका ने इस सरकार का स्वागत नहीं किया है। अमेरिकी राजदूत पीटर हास ने हालांकि बंगलादेश के नये विदेश मंत्री मोहम्मद हसन महमूद से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के भविष्य की रूपरेखा तैयार की। बैठक के बाद डॉ. महमूद ने कहा था, मैं आपसी हित के आधार पर अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए आने वाले महीनों में मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।

ये भी पढ़ें : Pakistan Iran Tension : ईरान और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर, चुनाव आयोग ने कहा- आम चुनाव पर नहीं पड़ेगा कोई असर

संबंधित समाचार