बाराबंकी : जेई ने वकील और उसके पिता पर दर्ज कराया केस, जानें क्या हैं मामला
हैदरगढ़ /बाराबंकी, अमृत विचार। विद्युत कनेक्शन काटने के समय अभद्रता का आरोप लगाकर जेई ने एक वकील व उनके पिता के व खिलाफ हैदरगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसकी जानकारी शुक्रवार दोपहर को हैदरगढ़ बार के वकीलों को हुई। इस मामले को लेकर अक्रोशित वकील शनिवार को थाने पहुंचकर जेई के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
विद्युत विभाग के जेई राम बालक वर्मा ने 17 जनवरी को पुलिस को तहरीर दी बताया कि 13 जनवरी को कर्मचारियों के साथ कोतवाली हैदरगढ़ के गोतौना गांव गए थे। यहां के निवासी अजय सिंह व उनके पुत्र शिवबरदान सिंह ने विद्युत कर्मचारियों से अभद्रता की। बताया कि उपभोक्ता अजय सिंह का 74570 रुपये बिजली बिल बकाया था। बिल अदा न होने के कारण कर्मचारी कनेक्शन काटना चाहते थे। इसे लेकर उपभोक्ता अजय सिंह व उनके पुत्र शिवबरदान सिंह ने कर्मचारियों को अपमानित किया। जान से मारने धमकी दी। पुलिस ने जेई की तहरीर पर उपभोक्ता अजय सिंह व उनके पुत्र के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी शिवबरदान सिंह तहसील बार के सदस्य हैं। आरोपी अधिवक्ता ने बताया कि विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने 25 हजार से कम के बिल व मीटर रीडिंग को फर्जी तरीके से 74 हजार से अधिक बिल बताकर गांव में उनके घर आकर अभद्रता किया। हस्तक्षेप करने आए पिता से भी अभद्रता की। बताया कि उन्होंने भी अवर अभियंता के खिलाफ शिकायत की है।
शुक्रवार की दोपहर बाद अधिवक्ता के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत होने की जानकारी तहसील के वकीलों को मिली तो सभी ने नाराजगी जताई। अधिकांश वकील घर जा चुके थे। बार अध्यक्ष राम प्रताप सिंह व महामंत्री कुंवर बहादुर यादव ने कहा कि अधिवक्ता के विरुद्ध फर्जी मुकदमा पंजीकृत हुआ है। शनिवार को बार की आपात बैठक होगी। इसके बाद अवर अभियंता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
ये भी पढ़ें -हरदोई : 188 दिन बाद जिंदगी की जंग हार गया सुशील, दबंगों ने धारदार हथियार से वार कर किया था मरणासन्न
