हरदोई : 188 दिन बाद जिंदगी की जंग हार गया सुशील, दबंगों ने धारदार हथियार से वार कर किया था मरणासन्न
हरदोई, अमृत विचार। पिछले साल 15 जुलाई को कुछ दबंग किस्म के लोगों ने युवक के ऊपर धारदार हथियारों से हमला कर उसे बुरी तरह से ज़ख्मी कर दिया था।जिसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ के लिए रिफर कर दिया गया था। वहीं उसका 187 दिन तक इलाज चलता रहा और 188 वें दिन शुक्रवार की सुबह उसकी वहीं इलाज के दौरान मौत हो गई। बताते हैं कि इतने दिन बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया,जिसके चलते हमलावर बेखौफ घूम रहें हैं।
बताया गया है कि 15 जुलाई को पचदेवरा थाने के ललुआपुर निवासी 32 वर्षीय सुशील कुमार पुत्र श्रीदेव अपने रोज़मर्रा के काम-काज निपटा रहा था,उसी बीच कुछ दबंग किस्म के लोग उसके पास पहुंचे,पहले तो उन्होंने गाली-गलौज की, लेकिन सुशील के विरोध करने पर धारदार हथियार से उसके ऊपर हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से ज़ख्मी हो गया। जैसा कि बताते हैं कि हमलावर सुशील को मरा हुआ समझ कर वहां से भाग निकले। इसका पता होते ही ज़ख्मी सुशील के घर वाले वहां पहुंचें और उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। वहां इलाज कर रहे डाक्टरों ने हालत देख कर उसे लखनऊ के लिए रिफर कर दिया।
187 दिनों तक उसका वहीं इलाज चलता रहा,उसके 188 वें दिन शुक्रवार को उसकी वहीं पर इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार में उसकी पत्नी के अलावा दो बेटी और एक बेटा है। इस बारे में बताया गया है कि हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन उसने एक माननीय के दबाव के चलते उस पर रत्ती भर भी एक्शन नहीं लिया, जबकि हमलावर बराबर उसके घर के सामने से धमकाते हुए निकलते-बैठते रहे। कहा जा रहा है कि पुलिस की तरफ से किए गए नो-एक्शन के इशारे ने हमलावरों को और हौसला दिया, नतीजतन वे अभी भी बेखौफ हो कर घूम-फिर रहें हैं।
ये भी पढ़ें -सतर्कता : मीरजापुर आरपीएफ और जीआरपी ने चलाया संयुक्त चेकिंग अभियान
