टाटमिल चौराहा जाम; डीएम ने एडीसीपी ट्रैफिक के साथ किया निरीक्षण, सड़क चौड़ीकरण के दिए निर्देश...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में जाम से मुक्ति के लिए डीएम ने निरीक्षण किया।

कानपुर में जाम से मुक्ति के लिए डीएम ने एडीसीपी ट्रैफिक के साथ निरीक्षण किया। डीएम ने टाटमिल पुल का सर्वे करा सड़क चौड़ीकरण के निर्देश दिए।

कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा से आने वाला यातायात अब टाटमिल चौराहे पर जाम के झाम में नहीं फंसेगा। इसके लिए नयापुल से घंटाघर के लिए जाने वाली लेन का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही बाबूपुरवा से झकरकटी की ओर जाने के लिए फ्री लेफ्ट लेन को भी चौड़ा किया जाएगा। 

इस काम के लिए रेलवे जमीन देगा। चौड़ीकरण के लिए डीएम ने रेलवे अधिकारियों से जल्द से जल्द एनओसी लेने के निर्देश दिए हैं। बाबूपुरवा से टाटमिल को जोड़ने वाले नए पुल पर फ्री लेफ्ट लेन किए जाने के बाद से पुल संकरा होने के कारण झकरकटी की ओर जाने वाले लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ता है। 

शुक्रवार को डीएम विशाख जी अय्यर, एडीसीपी ट्रैफिक अंकिता शर्मा समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने टाटमिल चौराहे का निरीक्षण किया। एडीसीपी ने बाबूपुरवा से झकरकटी की ओर जाने वाले फ्री लेफ्ट लेन पर जाम की समस्या बताई। जिस पर डीएम ने एडीसीपी ट्रैफिक को टाटमिल पुल का इंजीनियरिंग प्वाइंट से सर्वे करा सड़क चौड़ीकरण के निर्देश दिए। 

कहा कि प्रस्ताव सेतु निगम व रेलवे अधिकारियों को भेजा जाए। रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि फ्री लेफ्ट लेन के चौड़ीकरण के लिए रेवले की बेकार पड़ी जमीन की एनओसी दिलाकर जल्द से जल्द दी जाए। केडीए के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि टाटमिल पुल के फ्री लेफ्ट लेन के चौड़ीकरण कार्य में आने वाले बिजली के पोलों की यूटिलिटी शिफ्टिंग व सड़क निर्माण के लिए इस्टीमेट बनाएं। 

सेतु निगम महाप्रबंधक मिथलेश कुमार को निर्देश दिए कि जमीन को सम्मिलित करते हुए बाबूपुरवा से सीधे घंटाघर को जाने वाली लेन का चौड़ीकरण किया जाए व रीटेंनिंग वाल बनाए जाने के लिए इस्टीमेट प्रस्तुत किया जाए।

यह भी पढ़ें- Kanpur: जाम से निजात के लिए पुलिस कमिश्नर ने किया सर्वे; रावतपुर क्रासिंग पर खत्म होगी ई-रिक्शा अराजकता..

संबंधित समाचार