Kanpur: जाम से निजात के लिए पुलिस कमिश्नर ने किया सर्वे; रावतपुर क्रासिंग पर खत्म होगी ई-रिक्शा अराजकता..
कानपुर में जाम से निजात के लिए पुलिस कमिश्नर ने सर्वे किया है।
कानपुर में जाम से निजात के लिए पुलिस कमिश्नर ने सर्वे किया है। रावतपुर क्रासिंग पर टेंपो और ई-रिक्शा की अराजकता से लगने वाले जाम का निस्तारण मुख्य केंद्र बिंदु रहा।
कानपुर, अमृत विचार। रावतपुर क्रासिंग पर टेंपो और ई-रिक्शा की अराजकता से लगने वाले जाम के निस्तारण के लिए पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार मौके पर हाल देखने पहुंचे। पुलिस कमिश्नर ने क्रासिंग से लेकर रावतपुर तिराहे तक सड़क किनारे फैला अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण के लिए नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए।
रावतपुर क्रासिंग पर टेंपों व ई-रिक्शा चालक आधी सड़क तक धमाचौकड़ी करते रहते हैं। क्रासिंग बंद होने पर लोगों को भारी जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। शुक्रवार को रावतपुर क्रासिंग व रावतपुर तिराहे पर पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने निरीक्षण किया।
पुलिस कमिश्नर ने क्रासिंग से लेकर रावतपुर तिराहे तक ट्रैफिक लोड की जानकारी लेने के साथ ही रूट डायवर्जन भी देखा। इस दौरान क्रासिंग से रावतपुर तिराहे तक टेंपो, ई-रिक्शा चालकों की अराजकता के साथ आधी सड़क तक अतिक्रमण देखने को मिला। पुलिस कमिश्नर ने दुकानदारों से बात कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
रावतपुर क्रासिंग से तिराहे तक करीब 300 मीटर खराब पड़ी सड़क के चौड़ीकरण के निर्देश अपर नगर आयुक्त को दिए। उन्होंने डीसीपी ट्रैफिक आरती सिंह को क्रासिंग से टेंपो, ई-रिक्शा हटाने के निर्देश दिए।
