हरदोई : गौशाला में मर रहे गोवंश, नहीं हैं ठंड से बचाव के इंतजाम
हरदोई, अमृत विचार। योगी आदित्यनाथ की सरकार ने आवारा घूमने वाले गोवंशों को ठिकाना देने के लिए न सिर्फ गौशाला खोली बल्कि गोवंशो के खाने-पीने और उनके रहन-सहन के बंदोबस्त के लिए दोनों हाथों से पैसे खर्च किए, लेकिन गौशालाओं की हकीकत किसी से छिपी नहीं है। हरियावां ब्लाक के उतरा की गौशाला का हाल काफी बुरा है। वहां न तो गोवंशो के लिए रहने-सहने का और न ही खाने-पीने का कोई बंदोबस्त किया गया है, नतीजतन हर दिन तीन से चार गोवंश बे-मौत मर रहें हैं। इतना ही नहीं वहां के प्रधान और सचिव के पास इतना नहीं बचा कि मरे हुए गोवंशो को कहीं दफन करा दें,मरे हुए गोवंशो को वहां कौएं नोंच-नोंच कर खा रहें हैं।
हरियावां ब्लाक के उतरा गांव के गौशाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वहां आश्रय के नाम पर बंद किए गए गोवंश किस हालत में है, कुछ गोवंश सूखी पड़ी नांद में मुंह मार रहे हैं, वहीं पर कई गोवंश मरे हुए पड़े हैं। एक गोवंश की आंख पूरी तरह से ज़ख्मी है, लेकिन कई दिन बाद भी उसका इलाज नहीं कराया जा सका। वही कुछ दूरी पर कुछ मरे हुए गोवंशो को कौएं नोंच-नोंच कर खाते हुए देखे जा सकते हैं। खुले में घूम रहे गोवंश ठंडक से बचने के लिए इधर-उधर भटकते हुए देखे जा सकते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौशाला के नाम पर सरकार से जो कुछ भी हाथ आया, प्रधान और सचिव उसे हज़म कर गए। वहां के प्रधान हो या सचिव उन दोनों का कहना है कि उनके हाथ कुछ नहीं बचा,मतलब साफ है कि खाने-पीने या रहने-सहने का बंदोबस्त न हो, लेकिन इतना भी नहीं है कि कुछ पैसे खर्च कर मरे हुए गोवंशो को दफन करा दें।
ये भी पढ़ें -हरदोई : 22 जनवरी से पहले दिया रामभक्तों ने सन्देश, निकाली प्रभातफेरी
