अमरोहा : मोबाइल पर कार्टून देख रही पांच वर्षीया बच्ची की मौत
हार्ट अटैक माना जा रहा है मौत की वजह, परिवार में मचा कोहराम
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव हथियाखेड़ा में मोबाइल फोन पर कार्टून देख रही पांच वर्षीया बच्ची की अचानक मौत हो गई। मोबाइल उसके हाथ से छूटकर गिर गया। परिजन जिंदगी की आस में निजी चिकित्सकों के यहां ले गए। वहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक बच्ची की मौत की वजह हार्ट अटैक बता रहे हैं। परिवार के लोगों ने बिना कानूनी कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव हथियाखेड़ा के महेश खड़गवंशी की पांच वर्षीय बेटी कामिनी शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे बिस्तर में बैठी मां के मोबाइल फोन पर कार्टून देख रही थी। मां सोनिया का कहना है कि अचानक कामिनी के हाथ से मोबाइल छूट कर गिर गया। उन्होंने सोचा कि वह जानबूझकर ऐसी हरकत कर रही है। उसे हिलाकर देखा तो कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। मां के शोर मचाने पर परिजन व पड़ोसी मौके पर पहुंचे। आनन फानन में बच्ची को गांव में निजी चिकित्सक के यहां ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मां सोनिया का कहना है कि बेटी पूरी तरह स्वस्थ थी। शुक्रवार देर शाम तक खेलने के बाद उसने खाना खाया था।इसके बाद फोन पर कार्टून देख रही थी।
बच्चों को लगातार मोबाइल देखना काफी नुकसानदायक है। इस समय ठंड बढ़ रही है। ऐसे में बच्ची की मौत हार्ट अटैक से हो सकती है। कम उम्र में भी हार्ट अटैक के मामले सामने आ रहे हैं। माता-पिता को बच्चों को मोबाइल से दूर रखना चाहिए।-डॉ. धुमेंद्र सिंह, चिकित्सा प्रभारी
ये भी पढ़ें:- Special Story : भगवान राम सबके हैं...राम लला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन पूजा-अर्चना करेंगे हाजी नाहिद
