शाहजहांपुर में युवा गोष्ठी का हुआ आयोजन, धर्मेद्र बोले- देश की रीढ़ हैं युवा, यही बनाएंगे विश्व गुरु

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

शाहजहांपुर/खुटार, अमृत विचार: अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के पैतृक गांव नवादा दरोबस्त में चल रहे चार दिवसीय जन्मोत्सव में शनिवार को दूसरे दिन युवा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने कहा कि भारत में युवा विकास की रीढ़ है। भारत युवाओं का देश है, जो पूरे विश्व में देर का परचम लहरा रहा है।

धर्मेंद्र ने कहा कि भारत की आर्थिक आजादी के लिए आज का युवा हर स्तर पर संघर्ष कर रहा है। भारत के आर्थिक उत्थान में युवाओं की महती भूमिका है। वैज्ञानिक, कृषि, अध्यात्म आदि के क्षेत्र में विभिन्न वर्गों में युवाओं का प्रतिनिधित्व विश्व में भारत को एक विशेष स्थान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के साथ शहीद हुए क्रांतिकारियों ने खुद का बलिदान देकर भारत की स्वतंत्रता के लिए मार्ग प्रशस्त किया था। इसी रास्ते पर चलकर तमाम क्रांतिकारियों ने भारत की स्वतंत्रता में प्रमुख भूमिका निभाई।

धर्मेंद्र ने कहा इन क्रांतिकारियों के अमर बलिदान के कारण ही भारत पुन: विश्व गुरु बनेगा। इन बलिदानियों ने युवावस्था में ही देश धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह सही मार्ग पर चलकर अपने वैचारिक मत को ध्यान में रखते हुए भारत को आर्थिक रूप से संपन्न बनाने में महती योगदान दें।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण चंद्र मिश्रा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता खुशलोक अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. विनोद पागरानी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने फीता काट कर किया।

राजकीय महाविद्यालय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बमनिया, रोहित सिंह, सुनील सिंह, ईशपाल, मचकेंद्र सिंह, मोहित गुप्ता, सौरभ सोमवंशी, ललित सोलंकी, राजीव सिंह का सहयोग रहा।

मेला में 180 को मिला रोजगार
खुदागंज में मनाए जा रहे अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के जन्मोत्सव में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेला का भी आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन अधिकारी विजय सुधाकर सिंह ने बताया कि रोजगार मेला में दस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं का पंजीकरण कराने के लिए स्टाल लगाए। विभिन्न स्टालों पर 413 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के आधार पर 180 युवाओं को चयनित किया गया।

इस अवसर पर वॉलीबाल प्रतियोगिता भी कराई गई। इसके अतिरिक्त मेले में कैंप लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निशुल्क दवाई भी वितरित की गई। मेडिकल कैंप का लगभग 354 लोगों ने लाभ उठाया, वहीं शिक्षा विभाग की ओर से भी कैंप लगाकर नवाचार का प्रचार-प्रसार किया गया।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: 3294 अपात्रों ने पाई किसान सम्मान निधि, 794 से हुई रिकवरी

संबंधित समाचार