मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मान्नित डा.संदीप पाण्डेय का बड़ा आरोप - भाजपा विधायक ने मकान कब्जा कर खोला ऑफिस
मीडिया से बोले - 7 सूत्रीय मांगों को ले कर 24 जनवरी को करेंगे धरना-प्रदर्शन
हरदोई, अमृत विचार। मैग्सेसे पुरस्कार विजेता और सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव डा.संदीप पाण्डेय ने मीडिया के सामने अपनी 7 सूत्रीय मांगों को ले कर खुल कर बातचीत की। उन्होंने एक हैरतअंगेज कारनामे का खुलासा करते हुए बताया कि माधौगंज ब्लाक के कुरसठ में तालाब पर पिंक शौचालय बना दिया गया। उन्होंने भाजपा विधायक के उस कारनामे का भी खुलासा किया, जिसमें उन्होंने एक रिटायर प्रिंसिपल के मकान को कब्ज़ा कर उसमें अपना ऑफिस खोला है। उन्होंने कहा है कि वे 24 जनवरी को अपनी मांगों को ले कर ज़िला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
पाण्डेय ने कहा कि मल्लावां के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के बगल में रिटायर प्रिंसिपल लियाकत अली का मकान है,उस मकान पर कब्ज़ा कर भाजपा विधायक का ऑफिस खोला गया है। उन्होंने उस मकान को कब्ज़े से मुक्त कराने की मांग रखी है। उन्होंने आगे बताया कि माधौगंज ब्लाक के कुरसठ बुज़ुर्ग देहात में आवास सत्यापन में धांधली की जा रही है।परौली में तालाब और पट्टे की ज़मीन पर कब्ज़ा कर रखा गया है। जिसकी पैमाइश कर उसे कब्ज़ा मुक्त कराने की मांग की है।
पाण्डेय ने खुलासा करते हुए कहा कि कुरसठ के खसरा नंबर 1604 थ में तालाब दर्ज है, लेकिन उसी पर पिंक शौचालय बना कर अंधेरगर्दी का सबूत दिया गया है। उन्होंने इस मामले में शामिल ज़िम्मेदारों से सरकारी रकम की रिकवरी कराए जाने की मांग की है। इस बीच आरटीआई कार्यकर्ता अभिषेक पटेल भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -बहराइच : गोरखपुर से मैलानी जा रही ट्रेन से कटकर ग्रामीण की मौत
