संभल : श्रीराम नाम संकीर्तन में झांकियों ने मोहा मन, मुस्लिमों ने बरसाए फूल...सुरक्षा के रहे इंतजाम
संभल/बबराला,अमृत विचार। अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व रविवार को जनपद संभल के बबराला में राम नाम संकीर्तन यात्रा निकाली गई। जिसमें शामिल झांकियों ने मन मोह लिया। यात्रा का मुस्लिमों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। राम नाम संकीर्तन यात्रा नगर पंचायत कार्यालय के सामने से शुरू होकर नगर के मुख्य बाजार रेलवे रोड, इंदिरा चौक, टीचर्स कॉलोनी, प्रजापति बस्ती, सर्राफा बाजार, रामलीला मैदान से होते हुए रेलवे स्टेशन के पास पहुंच कर समाप्त हुई। हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों के साथ ही मुस्लिमों ने भी जगह-जगह संकीर्तन यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

संकीर्तन यात्रा के पहले रामा कान्वेंट स्कूल के छात्र छात्राओं ने प्रभु श्रीराम की जीवन लीलाओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रस्तुत किया। यात्रा में रथ पर सवार राम दरबार और रामायण के पात्र रूप धरे बच्चों की विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कई संत महात्माओं के साथ ही भारी संख्या में महिलाओं ने रामधुन गाते हुए संकीर्तन यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन हर्ष वर्धन वार्ष्णेय, अतुल गोयल, धर्म देव आर्य,राकेश संभली,विनय वार्ष्णेय, निशांत वार्ष्णेय, सुधा गौतम, कविता वार्ष्णेय, शिखर गोयल, संगीता शर्मा, आस्था वार्ष्णेय, पिंकी गुप्ता, राधा अग्रवाल, प्रेमवती, ममता शर्मा, रेखा दीक्षित, अतुल महाजन आदि मौजूद रहे।

प्रसाद का हुआ वितरण, सुरक्षा के रहे इंतजाम
बबराला। संकीर्तन यात्रा में शामिल लोगों के लिए नगर में कई स्थानों पर हलवा के स्टॉल लगाए गए। अमित गुरू, रजत मित्तल, गौरव मित्तल, गौरव शर्मा आदि ने रेलवे रोड पर जबकि नगर पंचायत की ओर से समापन पर हलवा का प्रसाद वितरित किया। रोटरी क्लब गंगा की ओर से श्रद्धालुओं को पानी की बोतलें बांटी गईं। सुरक्षा के लिए कोतवाल संजीव बालियान भारी संख्या में पुलिस बल के साथ रहे।
ये भी पढ़ें : संभल: चंदौसी के संग्रहालय की शोभा बढ़ा रही अयोध्या जैसी रामलला की मृण्मूर्ति
