पत्नी संग अयोध्या पहुंचे अभिनेता रणदीप हुड्डा, कहा- भगवान राम का आशीर्वाद पाने के लिए मैं बहुत उत्सुक हूं...
अयोध्या। अयोध्या में नव निर्मित राममंदिर में 22 जनवरी यानि सोमवार को होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर अयोध्या दुल्हन सी सज गयी है। रामनगरी में चहुंओर फूलों की सुगंध के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम और रह रह कर जय श्रीराम का उदघोष त्रेता युग की अनुभूति करा रहे हैं। कड़ाके की ठंड पर आस्था की सुनामी भारी पड़ रही है।
इस अदुभुत और औलोलिक क्षण का साक्षी बनने के लिये साधु संतों के अलावा देश की गणमान्य हस्तियों का रामनगरी में आगमन लगातार जारी है। इस कड़ी में इस ऐतिहासिक घड़ी का साक्षी बनने के लिए पत्नी लिन लैशराम के साथ फिल्म अभिनेता अभिनेता रणदीप हुड्डा, जन सेना प्रमुख पवन कल्याण और बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र शास्त्री भी अयोध्या पहुंचे चुके हैं।
अयोध्या पहुंचने पर रणदीप हुड्डा ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर कहा, "हम बहुत उत्साहित हैं और वहां उपस्थित होने और भगवान राम का आशीर्वाद पाने के लिए उत्सुक हैं। यह सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं है, यह एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी है..."।
वहीं राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर जन सेना प्रमुख पवन कल्याण ने कहा, "...यह लोगों का लंबे समय से पोषित सपना रहा है और 500 वर्षों के बाद, यह अंततः वास्तविकता में आ रहा है, हम बहुत खुश हैं..."।
बता दें कि इससे पहले योग गुरु स्वामी रामदेव, परम शक्ति पीठ और वात्सल्यग्राम की संस्थापक साध्वी ऋतंभरा, संगीतकार शंकर महादेवन, दक्षिण भारतीय फिल्मों के प्रख्यात अभिनेता रजनीकांत, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत, अक्षरा सिंह, शेफाली शाह, क्रिकेटर अनिल कुंबले के अलावा केंद्र सरकार के कई मंत्री और उद्योगपतियों का आगमन अयोध्या की पवित्र धरा पर हो चुका है जबकि देश दुनिया की कई जानीमानी हस्तियों का आगमन आज शाम तक होने के आसार हैं।
