पीलीभीत: उमड़ा राम भक्तों का हुजूम, भजनों पर थिरके जनप्रतिनिधि, गूंजे जय श्रीराम के जयघोष
शहर भर में कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाकर उतारी गई आरती, बरसाए फूल
पीलीभीत, अमृत विचार। प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पहले रविवार को पीलीभीत राम भक्ति में लीन दिखा। शहर में श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल और आरएसएस समेत अन्य हिंदू संगठनों की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों के साथ राम भक्त प्रभु राम के भजनों पर जमकर थिरके। हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया गया। पालकी को कांधा देकर भक्तों ने पुण्य कमाया व पूजा अर्चना की। हर तरफ राममय वातारण दिखा। सड़कें भगवा रंग के झंडों से पटी रही।

रविवार दोपहर करीब 12 बजे गांधी स्टेडियम से श्रीराधा माधव संकीर्तन मंडल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू युवा वाहिनी, नारी विश्वास आदि की ओर से भव्य संकीर्तनमयी यात्रा निकाली गई। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल, जिला महामंत्री लेखराज भारती, सभापति पीसीयू सुरेश गंगवार, आरएसएस के विभाग संघ चालक ओमप्रकाश, पूर्व मंत्री विनोद तिवारी, ब्लॉक प्रमुख मरौरी सभ्यता वर्मा, डॉ. एस के अग्रवाल, राकेश अग्रवाल समेत कई आदि शामिल रहे। बड़ी संख्या में महिला पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सर्वप्रथम प्रभु श्रीराम का तिलक कर आरती की गई। इसके बाद संकीर्तन मंडल की ओर सभी को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। शोभायात्रा शहर में भ्रमण के लिए निकली गई। युवाओं ने कई जगह सड़क पर बैठकर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। जिससे सभी का रोम रोम राममय हो उठा।

शोभायात्रा में सबसे आगे गगन भेदी ध्वनि से 10 ढोल वादक ढोल बजाते हुए चल रहे थे। नारी विश्वास भारती की महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण करके मंगल कलश को लेकर संकीर्तन में शामिल हुई। इनके अलावा राम दरबार और प्रभु श्रीराम की पालकी, हनुमान जी का दरबार के साथ लड्डू गोपाल की पालकी भी शामिल रही। साथ भजन मंडली के द्वारा राम भजनों का गुणगान किया गया।
शोभायात्रा में महिला, पुरुष बच्चे सभी हाथ में भगवा झंडा लहराते हुए शामिल रहे। शोभायात्रा गांधी स्टेडियम से सुनगढ़ी तिराहा होते हुए गैस चौराहा, चावला चौराहा पहुंची। श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के अजय पांडे, अभिषेक सिंह गोल्डी, शिवम सैनी, शशांक अग्रवाल, शिवांश, शिवम सहगल, गोल्डी, दीपक कमल यादव, प्रमोद पंत कुमकुम पंत ने तिलक किया व शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

इसके बाद छिपीयान मस्जिद, ड्रमंडगंज चौराहा, सुनहरी मस्जिद, चौक बाजार होते हुए अग्रवाल सभा पर जाकर संपन्न हुई। इससे पूर्व चौक बाजार में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री शैली अग्रवाल, उनकी पत्नी प्रियंका अग्रवाल ने प्रभु श्रीराम और लड्डू गोपाल की आरती की। पालकी को कांधा देकर पुण्य कमाया। देर शाम तक युवाओं की टोलियां राम नाम लेते हुए शहर में भ्रमण करती रही।
पहले धूमधाम से निकाली गई निशान यात्रा
प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकाली गई भव्य यात्रा से पूर्व रविवार सुबह एकादशी के उपलक्ष्य में श्री खाटू श्याम महाराज की निशान यात्रा भी निकाली गई। शहर के चौक बाजार स्थित द्वारिकाधीश मंदिर से यात्रा शुरू की गई। जिसमें महिलाएं और युवा हाथों में बाबा के झंडा लेकर निकले। जहां खाटू श्याम के भजनों का गुणगान किया गया। इसके अलावा श्रीराम के चित्र भी शामिल रहा। कई जगह निशाना यात्रा का स्वागत किया गया। शहर में भ्रमण करने के बाद पुन: मंदिर पर आकर संपन्न हुई।

जब 45 मिनट तक थिरके और दीपोत्सव की हुई अपील
बता दें कि शहर के प्रमुख रास्तों में होते हुए श्रीराधा माधव संकीर्तन मंडल की यात्रा अग्रवाल सभा भवन पहुंच गई। उधर, अन्य संगठनों की यात्रा वापस गांधी स्टेडियम पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस यात्रा में पीलीभीत से अयोध्या भेजी जा रही 21.6 फिट की बांसुरी भी ट्रैक्टर ट्रॉली पर रखकर घुमाई गई थी। गांधी स्टेडियम पहुंचने पर राम भजनों पर राज्यमंत्री, चेयरमैन, विधायक आदि जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता सब जमकर थिरके। जय श्री राम के जयघोष लगाए गए, जोकि देखते बन रहा था। सभी से सोमवार को दीपोत्सव मनाने की अपील करते हुए भंडारे व पूजन कार्यक्रमों में शामिल होने की भी अपील की गई।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: अलर्ट मोड पर पुलिस प्रशासन, 5 और 17 जोन सेक्टर में बांटी जिले की सुरक्षा व्यवस्था
