शाहजहांपुर: सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा रविवार, ठिठुरे लोग
12.8 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान भी 6.0 रहा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। देर से शुरू हुई कड़ाके की ठंड का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस सीजन में सबसे सर्द रविवार का दिन रहा। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 12.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह तापमान पिछले 15 सालों में 21 जनवरी के तापमान में सबसे कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 6.0 रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने अभी 48 घंटे का और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
राज्य कृषि मौसम केन्द्र के प्रमुख और मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गलन भरी हवाओं के साथ रविवार का दिन सबसे ठंडा रहा। बताया कि मकर संक्रांति के बाद मौसम साफ होने की संभावना रहती है, लेकिन इस बार हर दिन सर्दी का रिकार्ड टूट रहा है। बाजारों में अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही।
पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही गलन बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, समुद्र तल के ऊपर चल रही पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाओं के चलते मौसम सर्द बना हुआ है। लोग सुबह से ही गर्म कपड़ों में निकले। संभावना जताई है कि गुरुवार से न्यूनतम तापमान में क्रमिक बढ़ोत्तरी दर्ज किए जाने की संभावना है। इससे ठिठुरन वाली ठंड से भी राहत मिलेगी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एनसी त्रिपाठी ने बताया कि यह मौसम रबी की फसल के अनुकूल है, जिससे खासकर गेहूं की फसल को फायदा मिलेगा।
पिछले पांच दिनों का तापमान
तारीख - न्यूनतम अधिकतम
16 जनवरी - 5.2 - 16.4
17 जनवरी - 5.0 - 14.2
18 जनवरी - 5.2 - 15.0
19 जनवरी - 6.0 - 14.6
20 जनवरी - 6.2 - 14.4
पोरबंदर एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे विलंब से पहुंची
शाहजहांपुर। कोहरे के कारण पोरबंदर एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे विलंब से पहुंची। इसके अलावा नई दिल्ली-लखनऊ एसी एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्सप्रेस आदि ट्रेनें तीन और दो घंटे विलंब से पहुंची। रविवार की सुबह कोहरा अधिक होने के कारण ट्रेनों की रफ्तार थम गई थी। कोहरे में सिग्नल नहीं दिखायी दे रहे थे।
डाउन लाइन की पोरबंदर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से साढ़े चार घंटे, नई दिल्ली-लखनऊ एसी एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस पंजाब मेल एक घंटा, दरभंगा एक्सप्रेस एक घंटा, अमरनाथ एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, सियालदहा एक्सप्रेस तीन घंटे, गुवाहाटी एक्सप्रेस ढाई घंटे और अप लाइन की सियालदहा एक्सप्रेस दो घंटे, लोकनायक एक्सप्रेस ढाई घंटै विलंब से स्टेशन पर पहुंची। भीषण ठंड को लेकर रिजर्वेशन वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: उल्लास...राममय हो गई शहीदों की नगरी, शाम होते ही जगमग हुआ शहर
