बरेली: प्राण प्रतिष्ठा से पहले ही बाजार में कम पड़ गए फूल, दोगुने दाम पर बिके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

60 से 70 रुपये किलो बिकने वाले गंदे के फूल 150 के पार

बरेली, अमृत विचार। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। इस पल को यादगार बनाने के लिए लोग घर और मंदिरों को फूलों से सजा रहे हैं। इस वजह से फूलों की मांग बढ़ गई है। प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पहले रविवार को फूल बाजार में गेंदा और गुलाब की कमी देखने को मिली। इस वजह से इनके दाम दोगुने हो गए। दिन भर फूल की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। जमकर गेंदा और गुलाब की बिक्री हुई। दुकानदारों के अनुसार सोमवार को फूलों के दाम में और उछाल देखने को मिलेगा।

शहर में कुतुबखाना, शहामतगंज, डीडीपुरम आदि स्थानों पर फूलों की दुकानें देर शाम तक गुलजार रहीं। यहां 60 से 70 रुपये किलो बिकने वाले गंदे के फूल 150 रुपये में बिके। दुकानदारों के अनुसार गुलाब पहले 150 रुपये किलो बिक रहा था, मगर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते अब 250 रुपये से ऊपर पहुंच गया है। कुछ दुकानों पर फूल कम पड़ गए। दुकानदारों के अनुसार लखनऊ समेत कई स्थानों से फूल आ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर भी फूलों का इंतजाम किया जा रहा है।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते फूलों की बिक्री बढ़ गई है। सुबह ही दुकान पर ग्राहक आने शुरू हो गए। गेंदा और गुलाब की ज्यादा मांग है- करन शर्मा, फूल विक्रेता।

ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से हमारे पास फूलों की कमी हो गई है। हालांकि, फूलों का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि कोई ग्राहक खाली हाथ न लौटे- राम लाखन।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दिवाली की तरह मनाने के लिए लोग बाजार में फूल खरीदने आ रहे हैं, मगर फूलों की कमी और ज्यादा मांग के कारण इनके दामों में उछाल देखने को मिल रहा है- ऋषि पाल सिंह, फूल विक्रेता।

ये भी पढ़ें- बरेली: आए रहे रघुनंदन... सज गए द्वार-द्वार, स्वर्ण कलश रखवा दो, बंधवा रहे बंदनवार  

संबंधित समाचार