Auraiya Crime: हत्या कर ड्रम में भरकर फेंका युवक का शव.... फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
औरैया में हत्या कर ड्रम में भरकर फेंका युवक का शव।
औरैया के अयाना थाना क्षेत्र के गांव गुजरी में सोमवार को एक युवक का शव ड्रम के अंदर रजाई-गद्दे के अंदर रस्सी से बंधा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।
औरैया, अमृत विचार। अयाना थाना क्षेत्र के गांव गुजरी में सोमवार को एक युवक का शव ड्रम के अंदर रजाई-गद्दे के अंदर रस्सी से बंधा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस जल निगम की ओर से क्षेत्र में बनाई जा रही पानी की टंकी में काम करने वाले युवक का शव होने की आशंका जाहिर कर रही है।
अयाना थानाक्षेत्र के गांव चौकी निवासी अग्नेश गुप्ता सोमवार को दोपहर गुजरी गांव स्थित अपने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल देखने गए थे। इस दौरान उन्होंने पास में मौजूद नाथूराम के खेत में खड़ी सरसों के खेत में एक ड्रम के अंदर करीब 37 वर्षीय एक युवक का शव ड्रम के अंदर पड़ा देखा तो उन्होंने इसकी जानकारी गांव जाकर लोगों को दी।
मौके पर पहुंचे लोगों की सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अजीतमल राम मोहन शर्मा, अयाना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र सिंह, अजीतमल कोतवाल राजकुमार सिंह ने घटनास्थल की जांच पड़ताल कर आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त करवाने का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। फोरेंसिक टीम के एसआई संजय ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस को ड्रम के अंदर से तीन जूते भी बरामद हुए है। शव हरे व क्रीमकलर रंग का स्वेटर नीला लोअर पहने है।
पुलिस के अनुसार शव जिस लोहे के ड्रम से बरामद हुआ है, उसमें निर्माण सामग्री लगी है। इससे प्रथम दृष्टयता शव किसी निर्माणाधीन पानी की टंकी पर काम करने वाले युवक के होने की आशंका है। क्षेत्राधिकारी अजीतमल राम मोहन शर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
