मीरजापुर: राममय हुआ विंध्याचल देवी धाम, घर-घर लहराया भगवा, राम भजन की चहूंओर रही गूंज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मीरजापुर, अमृत विचार। अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के विंध्य क्षेत्रवासी भी साक्षी बने हैं। विंध्याचल क्षेत्र सहित मीरजापुर नगर सहित जिले के विभिन्न कस्बों बाजारों में सजीव प्रसारण होने के साथ-साथ मंदिरों देवालयों में श्रीराम प्राणप्रतिष्ठा अवसर पूजनोत्सव की धूम रही है। विश्व विख्यात देवी धाम विंध्याचल में पौ फटने के साथ ही गंगा स्नान कर भक्तों की भीड़ दर्शन पूजन के लिए कतारबद्ध हो गई थी। 

मां विंध्यवासिनी देवी के साथ पूरा विंध्याचल देवी धाम प्रभू श्री राम के जयकारे से गूंज उठा था। विंध्याचल मंदिर सहित अष्टभुजा पहाड़, सीता कुण्ड, काली खो, रामगया घाट शिवपुर, रामेश्वरम मंदिर भक्तों से पटा हुआ था। ठंड और गलन पर पूरी तरह से आस्था भारी पड़ती हुई नज़र आई है। 

नगर सहित जिले के विभिन्न अंचलों में श्रीराम प्राणप्रतिष्ठा अवसर पर हनुमान चालीसा पाठ, श्रीराम कथा के साथ पूजनोत्सव की धूम रही है। अयोध्या में भगवान श्रीराम प्राणप्रतिष्ठा अवसर पूजनोत्सव का सचित्र नज़ारा देखने के लिए लोग टीवी, मोबाइल की स्क्रीन से नजरें गड़ाए हुए थे। 

जगह-जगह एलईडी स्क्रीन के जरिए सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। विभिन्न मंदिरों में अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राणप्रतिष्ठा होने के पश्चात प्रसाद वितरण तो कुछ स्थानों पर अटूट भंडारे का शुभारंभ किया गया। 

अयोध्या धाम में श्री राम लला प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में विंध्यपंडा समाज द्वारा भव्य श्रृंगार, दीप महोत्सव एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया जहां मुख्य अतिथि के रूप में नगर भाजपा विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र ने सम्मिलित होकर पूजन तथा सुंदरकांड पाठ किया।

विंध्याचल में डीएम और विधायक ने लगाया झाड़ू

अयोध्या में हो रहे प्रभु श्री राम जी के मंदिर के उद्घाटन एवं प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में स्वच्छ तीर्थ के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया गया तत्पश्चात प्रभु के नाम की रंगोली बनाया गया। इस अवसर पर भाजपा नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र व जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने स्वयं अपने हाथों में झाड़ू थाम मंदिर की साफ सफाई के साथ पोंछा लगाया।

निःशुल्क राम थाली का हुआ शुभारंभ 

अयोध्या में हो रहे प्रभु श्रीराम जी के मंदिर के उद्घाटन एवं प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में विंध्याचल स्थित रोडवेज परिसर में निःशुल्क राम थाली वितरण कार्यक्रम कि शुभारंभ किया गया। इस मौके पर देश के कोने कोने से विंध्याचल देवी धाम आए हुए भक्त गणों को नगर भाजपा विधायक, जिलाधिकारी, व एडीएम वित्त एवं राजस्व स्वयं अपने हाथों से प्रसाद वितरण कर भक्तों से रूबरू हुए हैं।

यह भी पढ़ें:-आओ री सखी जलाए दीए..., प्राण प्रतिष्ठा पूजन होते ही रामनगरी में दीपावली की तैयारी, घरों में राम स्तुति के साथ पूजन 

 

संबंधित समाचार