रामपुर: पीएम स्वनिधि गलियारे का आगाज कर सकते हैं योगी आदित्यनाथ
शहर विधायक ने मुख्यमंत्री से लखनऊ में की मुलाकात, ज्वालानगर में बना है देश का सबसे बड़ा पीएम स्वनिधि गलियारा
रामपुर, अमृत विचार। ज्वालानगर में बनकर तैयार हुए देश के सबसे बड़े पीएम स्वनिधि गलियारे का उद्धघाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फरवरी माह में रामपुर आने की सुगबुगाहट है।
रामपुर में जाम की समस्या आम है। वजह है अव्यवस्थित बाजारों का लगना। ज्वालानगर में तो हालात इतने खराब थे, कि आधे से अधिक सड़क पर फलों और सब्जियों के ठेले लग जाते थे, जबकि बाकी सड़क ई-रिक्शा वाले घेर लेते थे। ऐसे में इस समस्या के समाधान के लिए आकाश सक्सेना ने विधायक बनते ही काम शुरु कर दिया। उन्होंने ज्वालानगर में पीएम स्वनिधि गलियारा बनाने का प्रस्ताव रखा।
जिससे जाम की समस्या दूर होने के साथ ही रेहड़ी-पटरी के दुकानदारों का काम भी चलता रहे। विधायक ने फलों और सब्जियों के दुकानदारों से बात की और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ काम शुरु कर दिया, जो अब पूरा हो चुका है। शनिवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना लखनऊ पहुंच गए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने पीएम स्वनिधि गलियारे के बारे में जानकारी दी और गलियारे का उद्घाटन करने का प्रस्ताव रखा, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि फरवरी में मुख्यमंत्री रामपुर आ सकते हैं और पीएम स्वनिधि गलियारे का उद्घाटन कर सकते हैं।
तीन सौ से अधिक रेहड़ी-पटरी के दुकानदारों को किया गया है व्यवस्थित
पीएम स्वनिधि गलियारे में तीन सौ से अधिक रेहड़ी-पटरी के दुकानदारों को व्यवस्थित किया गया है। गलियारे में फल, सब्जी, किराना आदि सभी तरह की दुकानें मौजूद हैं। जहां लोग खरीदारी करते हैं।
ये भी पढ़ें:- अयोध्या में विराजे राम, पीतलनगरी में मनी दिवाली...हर ओर मेरे घर राम आए हैं का जयघोष
