अयोध्या में विराजे राम, पीतलनगरी में मनी दिवाली...हर ओर मेरे घर राम आए हैं का जयघोष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ, घरों में मना दीपोत्सव, आतिशबाजी की, मिष्ठान वितरित कर बांटी खुशियां

मुरादाबाद, अमृत विचार।  सोमवार को सुबह से ही लोगों की नजरें उस शुभ घड़ी पर थी जब अयोध्या में प्रभु श्रीराम के नव विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। घड़ी की सुइयां भी उस क्षण पर पहुंचने को आतुर थीं। जैसे ही अभिजीत मुहूर्त में भगवान राम मंदिर में विराजे पीतलनगरी में लोगों ने जमकर खुशियां मनाई। ढोल नगाड़ों की थाप, डीजे पर बज रहे  कैसे खुशी ये छिपाए राम आएं हैं,  और मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल...... राम आएं हैं पर लोगों के मन की खुशियों ने आसमान को छू लिया। हर ओर बस एक ही उमंग, एक ही उल्लास मेरे घर राम आए, प्रभु श्रीराम आए। 

महानगर की हर गलियों में सोमवार को पीतलनगरी में बस एक ही भगवा रंग चढ़ा दिखा। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के नव विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा पर महानगर में उत्सव मना। मंदिरों, घरों में रामनाम का भजन कीर्तन और पूजा अर्चना में लोग जुटे रहे। मिष्ठान वितरित कर लोगों ने खुशियां मनाई। आशियाना फेज एक टीचर्स कालोनी स्थित शिवशक्ति मंदिर पर सुबह हवन यज्ञ किया गया।

कालोनी निवासी पूर्व पार्षद पुष्पा चौहान, भाजपा नेता भूदेव सिंह चौहान आदि की मौजूदगी में मंदिर के पुजारी दीपक शास्त्री ने पहले मंदिर में राम दरबार की आरती कर भगवान भोलेनाथ व अन्य देवी देवताओं की पूजा की। मंदिर परिसर में हवन कुंड में सामूहिक हवन किया गया। जय श्री राम, जय श्री राम के जयघोष से कालोनी गुंजायमान हो गया। लोगों ने हवन में आहुति डालकर भगवान से सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ और मंगलगीत गाए गए।

इस दौरान कालोनी के देवेश दीक्षित, प्राची दीक्षित, रामावतार वर्मा, अरविंद शर्मा, दिवाकर शर्मा, ओंकार सिंह, नितिन, शालिनी, प्रभा सहित अन्य रामभक्त उपस्थित रहे। इसी क्रम में महानगर के लालबाग स्थित काली मंदिर, मनोकामना मंदिर, शिवशक्ति मंदिर, हरथला शिवमंदिर सहित अन्य मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। लोगों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों, मंदिरों में दीपक जलाकर दिवाली मनाई। आतिशबाजी की गई। भजन, कीर्तन,भंडारे के आयोजन से पीतलनगरी प्रभु श्रीराम की आस्था के रंग में सराबोर रही। हर  ओर भगवा रंग चढ़ा दिखा। श्रीराम के भजनों पर माहौल राममय हो गया।

ये भी पढ़ें : Moradabad Live Coverage : राममय हुआ मुरादाबाद, जगह-जगह हो रहे भजन-कीर्तन...मनोकामना श्री हनुमान मंदिर में डीएम ने की पूजा

संबंधित समाचार