प्रयागराज: रामकिट ने बचाई 60 वर्षीय उमेश की जान, दिल का दौरा पड़ने से बिगड़ी थी हालत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। यूपी के प्रयागराज जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग को अचानक दिल का दौरा पड़ा, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए राम किट का इस्तेमाल किया और उसकी जान बच गई। बुजुर्ग को शहर के छावनी अस्पताल की तरफ से निशुल्क राम किट दी गई थी। बुजुर्ग का नाम उमेश है, जिनकी उम्र 60 साल बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक म्योराबाद के रहने वाले उमेश पेशे से ड्राइवर हैं। कुछ दिनों पहले ही छावनी अस्पताल में उन्हें राम किट मिली थी। जिसे वह अपने अपने साथ लिए हुए थे। रविवार शाम उन्हें अचानक से सीने में दर्द उठा। जिससे वह घबरा गये। इसके बाद उन्होंने तुरंत राम किट निकाला और नियम के अनुसार किट में रखीं तीन दवाओं को खा लिया। 

वहीं मौजूद राहगीरों ने उन्हें बेली अस्पताल किसी तरह से भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की। चिकित्सकों ने कुछ दवाएं देकर इन्हें छावनी सामान्य अस्पताल भेज दिया। वहां जब जांच हुई तो उनकी बीपी 60-40 और पल्स 22 थी। 

उमेश को हार्ट अटैक आया था। जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तो हालत काफी गंभीर थी। अगर वह राम किट की दवा न खाए होते तो बचा पाना मुश्किल था। कहा जाये तो यह चमत्कार ही है। उन्हें भगवान राम ने ही बचाया है...डॉ. वैशाली सिंह, जनरल फिजीशियन, छावनी सामान्य अस्पताल।

क्या है राम किट

कैंटोनमेंट बोर्ड के छावनी सामान्य अस्पताल ने हृदय रोगियों के लिए कुछ दिन पहले ही घर-घर राम किट बांटी थी। इसमें एस्प्रिन खून पतला करने की, रोसुवासटेटिन, कोलेस्ट्राल घटाने व सोर्विट्रेट हार्ट के फंक्शन को बढ़ाने मौजूद है। अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में इसे राम किट नाम दिया गया था। जो लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है।

यह भी पढ़ें:-UP के शहर हुए अब और ज्यादा सेफ, लगाए गए 1 लाख सीसीटीवी कैमरे

संबंधित समाचार