लखनऊ : कड़ाके की ठंड में बिना कपड़ों के घंटों सड़क पर बैठा रहा शख्स, नगर आयुक्त से अलाव की लगा रहा था गुहार
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के हजरतगंज स्थित नगर निगम मुख्यालय पर मंगलवार को एक शख्स ने अर्ध नग्न स्थित में प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारी शख्स नगर आयुक्त को मौके पर बुलाने की जिद कर रहा था। प्रदर्शन कर रहे शख्स ने नगर निगम के अधिकारियों पर अलाव, नाला निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाने में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि कड़ाके की ठंड में शख्स घंटो नगर निगम मुख्यालय के बाहर सड़क पर बैठा रहा, लेकिन उससे मिलने नगर निगम का कोई अधिकारी नहीं आया। शख्स ने अपना नाम राकेश सिंह बताया है।
लखनऊ के राजा राममोहनराय वार्ड निवासी चौधरी राकेश सिंह की माने तो उनके इलाके में कई ऐसी जगह हैं जहां गरीब बैठते हैं, लेकिन कड़ाके की ठंड में वहां अलावा नहीं जलाया जाता है। गरीबों की समस्या को देखते हुये कई बार अधिकारियों से अलाव के लिए लकड़ी डालने की अपील की, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की। इतना ही नहीं इलाके में नाले का निर्माण हुआ, उसमें भी खेल हुआ। तीन साल पहले करीब 38 पोल, स्ट्रीट लाइट के लिए लगाये गये, लेकिन उन पर बल्ब नहीं लगाये गये थे। शिकायत की तब जाकर कुछ पोल पर लाइट लगाई गई। वह पोल बहुत ही जर्जर स्थिति में हैं। इन सब समस्याओं की शिकायत नगर आयुक्त से की गई। जांच भी हुई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
राकेश सिंह ने बताया कि जब कार्रवाई नहीं हुई तो थकहार कर आज बिना कपड़ों के प्रदर्शन करना पड़ा। मेरी मांग थी कि नगर आयुक्त कार्यालय से निकलकर बाहर आयें और समस्याओं पर ध्यान दें,लेकिन वह बाहर नहीं निकलें। ठंड से मेरी हालत खराब होती देख पुलिस मुझे लेकर नगर आयुक्त के पास गई। जहां पर नगर आयुक्त ने शिकायत लिख कर देने को कहा, उसके बाद जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें :लखनऊ : चने चबा सकते हैं नकली दांत, डॉक्टरों ने खोज निकाली तकनीक, देखें Video
