बदायूं: महिला से दुष्कर्म और मारपीट, प्रधान पति समेत सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
- तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो कोर्ट की शरण में गई थी महिला
ओरछी, अमृत विचार। उधार के रुपये वापस मांगने पर ग्राम प्रधान पति एक युवक से रंजिश मानने लगा। उसने मारपीट की। पुलिस पहुंची तो पीड़ित और उसके भाई का शांतिभंग में चालान किया जबकि आरोपी प्रधान पति को छोड़ दिया। जिसके बाद प्रधान पति युवक के घर में घुसा। उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो महिला कोर्ट की शरण में गई। कोर्ट के आदेश पर ग्राम प्रधान पति समेत चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फैजगंज बेहटा क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव सिसरका निवासी तनवीर उर्फ टिंकल व ललित पुत्र सुखवीर, ललित पुत्र पप्पू, कन्नेश पुत्र होराम हेकड़ किस्म के हैं। तनवीर गांव की प्रधान का पति है। वह पुलिस के साथ उठता-बैठता है।
महिला के पति से ग्राम प्रधान पति ने कुछ रुपये उधार लिए थे। उनके पति ने प्रधान पति से रुपये वापस मांगे तो वह रंजिश मानने लगा। 8 अक्टूबर 2023 की रात लगभग आठ बजे तनवीर महिला के घर में घुस आया।
गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। महिला का देवर बचाने पहुंचे तो उसे भी पीट दिया। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस गांव पहुंची। महिला के पति, देवर और ग्राम प्रधान पति को पकड़कर ले गई लेकिन ग्राम प्रधान पति को रास्ते में ही छोड़ दिया।
पति और देवर का शांतिभंग में चालान कर दिया। जिसके बाद रात लगभग 11 बजे प्रधान पति, उसका भाई ललित, ललित पुत्र पप्पू, कन्नेश और दो-तीन अज्ञात लोग तमंचा लेकर महिला के घर में घुस आए। गाली देते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि अलमारी में रखे 50 हजार रुपये, सोने की एक चेन व दो अंगूठी लूट ली। महिला की गोद में से उसका 10 महीने का बच्चा छीन लिया। कहा कि अगर शोर मचाया तो जान से मार देंगे। आरोप है कि ग्राम प्रधान पति तमंचे के बल पर महिला को कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने विरोध किया तो तनवीर के सिर में चोट आई। खून कमरे में गिर गया। महिला ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते महिला कोर्ट की शरण में गई। कोर्ट के आदेश पर थाना फैजगंज बेहटा में आरोपी तनवीर उर्फ टिंकल, दोनों ललित, कन्नेश और तीन अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, जबरन घर में घुसने, धमकाने, डकैती डालने आदि के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: कोर्ट का बड़ा फैसला, दुष्कर्म मामले में दो सगे भाइयों को 20-20 साल की कैद
