रायबरेली : ऑटोमोबाइल शॉप में लगी भीषण आग, आंच से दहकने लगा दुकान का शटर - लाखों का सामान जलकर खाक
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के तकिया चौराहा बैंती की घटना
शिवगढ़/ रायबरेली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैंती में तकिया चौराहा स्थित जावेद मोटरसाइकिल रिपेयरिंग एवं मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इससे दुकान के अन्दर खड़ी दो मोटरसाइकिल, एक खुली मोटरसाइकिल सहित सहित लाखो का सामान जल गया। चीख पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
पीड़ित दुकान मालिक मोहम्मद जावेद पुत्र मोहम्मद जमील निवासी तकिया चौराहा मजरे बैंती ने बताया कि रोज की तरह मंगलवार की शाम को दुकान बन्द करने के बाद घर में भोजन करके लेट गये थे। रात 9 बजे उन्हे जानकारी मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। जब वह मौके पर आये तो दुकान के अन्दर भीषण आग लगी थी। आग की लपटों से दुकान में लगा शटर लाल हो चुका था। दुकान के अन्दर से तेजी से धुआं और आग की लपटें निकल रही थी। जावेद और उसके घर वालों की चीख पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से किसी तरह शटर खोलकर आग पर काबू पाया। किन्तु जब तक ग्रामीण आग बुझा पाते दुकान के अन्दर बनकर खड़ी मोटरसाइकिल स्प्लेण्डर, एनएक्सजी व रिपेयरिंग के लिए खुली पड़ी पैशन प्रो, मोबिआयल, प्रेशर हवा मशीन, मोटरसाइकिल पार्ट्स आदि सामान जलकर खाक हो चुका था।

जावेद ने बताया कि एक दिन पहले सोमवार को उसने दुकान में 20 हजार रुपए का मोबिल आयल आदि सामान लाकर रखा था। आग की इस घटना में करीब पांच लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ। सूचना पर पहुंची पीआरबी 1751 डायल 112 पुलिस आग बुझने तक घटनास्थल पर मौजूद रही। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सम्भावना जताई जा रही है, किन्तु एमसीवी न गिरने से आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
दुकान में धू-धूकर जलते सामान के कारण शटर खुलते ही तेजी से उठती आग की लपटों और धुएं के गुबार से पास जाना मुश्किल हो रहा था। किन्तु ग्रामीणों ने हार नहीं मानी घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह पर काबू पा लिया।
ये भी पढ़ें -UP दिवस पर CM योगी ने दी शुभकामनाएं, PM मोदी का जताया आभार
