Kanpur: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को सिख समाज से मिला पहला नेत्रदानी; दो लोगों की जिंदगी में लौटेगी रोशनी..
कानपुर में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को सिख समाज से पहला नेत्रदानी मिला।
कानपुर में सरदार दलजीत का ह्रदय गति रुकने से हृदय रोग संस्थान में निधन होने के बाद परिजनों ने उनके कार्निया जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को दान कर दिए।
कानपुर, अमृत विचार। सरदार दलजीत का ह्रदय गति रुकने से हृदय रोग संस्थान में निधन होने के बाद परिजनों ने उनके कार्निया जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को दान कर दिए। नेत्रदान प्रेरक मदनलाल भाटिया के मुताबिक सिख समाज से यह पहला नेत्रदान हुआ है।
किदवई नगर निवासी सरदार दलजीत सिंह (43) को परिजनों ने मंगलवार शाम कॉर्डियोलॉजी संस्थान में भर्ती कराया था। निधन के बाद परिजनों ने उनके नेत्र दान का निर्णय लिया और मदन लाल भाटिया से संपर्क किया। उन्होंने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी मोहन को सूचना दी। इसके बाद डॉ.अखिलेश, डॉ.प्रिया त्रिपाठी ने दलजीत की दोनों कॉर्निया सुरक्षित कीं।
अब इनसे दो लोगों की जिंदगी में रोशनी लौट सकेगी। नेत्रदान प्रेरक मदन लाल भाटिया ने बताया कि सिख समाज द्वारा किया गया यह पहला नेत्रदान है। नेत्रदान के समय समाज सेवक राजेंद्र सिंह (नीटा), राजेंद्र सिंह (बंटी), नेत्रदान सहयोगी सिद्धार्थ अग्रवाल उपस्थित रहे।
416 लोगों को मिल चुकी ज्योति
पूर्व पार्षद व नेत्रदान प्रेरक मदन लाल भाटिया ने बताया कि यह उनके द्वारा कराया गया 208 वां नेत्रदान है, इस तरह अब तक 416 लोगों को नेत्र ज्योति प्राप्त हो सकी है। कोई भी व्यक्ति अपने जीवन काल में मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प ले सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर पर 9336128734 संपर्क किया जा सकता है।
