बदायूं: बेसिक शिक्षा विभाग में लागू होगी ई-ऑफिस प्रणाली, बीएसए को दिए ये निर्देश
बदायूं, अमृत विचार: बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली लागू होगी। यह प्रणाली लागू हो जाने के बाद तमाम कार्यों में सहूलियत होगी। शिक्षा निदेशक डॉ महेंद्र देव ने प्रदेश के अन्य जिलों के साथ बीएसए को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि इस व्यवस्था को तीन दिन में लागू कर अवगत कराया जाए।
बेसिक शिक्षा विभाग कई मायनों में अब डिजिटल हो चुका है। पहले शिक्षकों की सेवा पुस्तिका को मानव संपदा पोर्टल के जरिए ऑनलाइन किया गया। अवकाश, वेतन, प्रमोशन आदि को इससे जोड़ा गया। अब विद्यालयों के 12 रजिस्टरों को डिजिटल करने की प्रक्रिया पूरी भी लगभग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा बीएसए कार्यालय को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
जिसके निर्देश पिछले साल 2022 जुलाई माह के दौरान शासन की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग को दिए गये थे। परंतु एक साल बाद भी विभाग इस व्यवस्था को लागू नहीं कर सका था। यह स्थिति जिले में ही नहीं प्रदेश के अन्य जनपदों की भी रही है। जिस पर शिक्षा निदेशक डॉ महेंद्र देव ने अन्य जिलों के साथ बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर यह प्रणाली लागू किए जाने का निर्देश दिया है।
साथ ही शिक्षा निदेशक ने तीन दिन के अंदर व्यवस्था लागू कर अवगत कराने को कहा है। प्रणाली लागू हो जाने के बाद डिजिटल हस्ताक्षर से पत्र निर्गत हो सकेंगे। मान्यता संबंधी कार्यवाही ऑनलाइन हो सकेगी। पत्रावलियों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाएगा। इससे कार्य में पारदर्शिता भी परिलक्षित होगी। साथ ही कई अन्य चीजें भी डिजिटल हो जाएंगी।
शासन से ई-ऑफिस लागू करने का निर्देश जारी हुआ है। इस बाबत पत्र मिला है। इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि कार्य में आसानी हो। जल्द ही व्यवस्था को लागू कराया जाएगा---स्वाती भारती, बीएसए।
यह भी पढ़ें- बदायूं: सभी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गुस्साए परिजन, शव रखकर लगा दिया जाम
