IND vs ENG : भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन, इंग्लैंड के चाय तक पांच विकेट पर 172 रन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदराबाद। भारतीय गेंदबाजों ने एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन किया जिससे इंग्लैंड ने शनिवार को यहां पहले टेस्ट के तीसरे दिन चाय तक दूसरी पारी में 172 रन तक पांच विकेट खो दिये। चाय ब्रेक तक ओली पोप 67 और बेन फोक्स दो रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड की टीम अब भी भारत से 18 रन से पीछे है। भारत ने इंग्लैंड के पहली पारी के 246 रन के जवाब में 436 रन बनाकर 190 रन की बढ़त हासिल की थी। पिच पर भारतीय स्पिनरों के लिए काफी टर्न और ‘ग्रिप’ मौजूद थी और साथ ही तेज गेंदबाजों के लिए ‘रिवर्स स्विंग’ का भी संकेत दिखा लेकिन उन्होंने अपने कौशल से मुफीद परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया।

जसप्रीत बुमराह ने बेन डकेट (52 गेंद में 47 रन) को लेंथ गेंद से आउट करने में सफलता हासिल की और फिर नीची रहती गेंद से जो रूट को पवेलियन का रास्ता दिखाया। रूट ने पगबाधा के फैसले को बदलने के लिए डीआरएस भी लिया लेकिन यह सफल नहीं हो सका। ओली पोप अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान मजबूत दिखायी दिये लेकिन अन्य बल्लेबाजों को मेजबान टीम के अनुभवी स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा से काफी परेशानी हुई। जडेजा ने लंच के बाद सत्र में जॉनी बेयरस्टो (10) को आउट किया। बेयरस्टो ने पहले तो बाहर जाती गेंद को छोड़ दिया लेकिन अगली स्ट्रेट गेंद पर पगबाधा आउट हो गये।

वहीं अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में 12वीं दफा इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का विकेट लिया। लगातार तीन ओवर मेडन जाने के बाद बायें हाथ के बल्लेबाज ने दबाव कम करने के प्रयास में आगे बढ़कर खेलने का फैसला किया लेकिन गेंद उनके बल्ले से निकलकर स्टंप उखाड़ गयी। यह दिन का सर्वश्रेष्ठ पल रहा। दूसरी पारी शुरू करने में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैक क्राउली (31) ने भारत के बड़ी बढ़त हासिल करने के बावजूद कोई अफरातफरी नहीं दिखायी और संयम से भारतीय स्पिनरों का सामना करने के लिए स्वीप और रिवर्स स्वीप की रणनीति जारी रखी। क्राउली ने इस दौरान साइटस्क्रीन पर एक छक्का भी जड़ा।

भारत को हालांकि पहले विकेट के लिए ज्यादा इतंजार नहीं करना पड़ा। अश्विन ने राउंड द विकेट गेंदबाजी करते हुए क्राउली को पहली स्लिप में खड़े रोहित शर्मा के हाथों आसान कैच आउट कराया। इससे पहले सुबह भारत देर तक बल्लेबाजी नहीं कर सका और 54 मिनट में ही बचे हुए तीन विकेट गिर गये। जडेजा की निगाहें चौथा टेस्ट शतक लगाने पर लगी थीं लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके और जो रूट की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। ऑफ स्टंप गेंद को डिफेंड करने के प्रयास में जडेजा फ्रंटफुट पर आ गये लेकिन गेंद ने काफी टर्न लिया और उनके पैड पर लगी।

अंपायर क्रिस गाफने ने ऊंगली उठा दी और जडेजा ने रिव्यू लिया जिससे भी स्पष्ट नहीं हुआ तो तीसरे अंपायर ने मैदानी अंपायर के फैसले को बरकरार रखा। अगली ही गेंद पर रूट ने जसप्रीत बुमराह को आउट कर दिया। जिसके बाद रेहान अहमद ने अक्षर को क्लीन बोल्ड कर दिया। इससे भारत ने एक भी रन जोड़े अंतिम तीन विकेट गंवा दिये। 

इंग्लैंड के लंच तक दूसरी पारी में एक विकेट पर 89 रन 
इंग्लैंड ने शनिवार को यहां भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन लंच तक एक विकेट गंवाकर 89 रन बना लिये। भारत ने सुबह के सत्र में इग्लैंड के पहली पारी के 246 रन के जवाब में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 436 रन बनाये। इंग्लैंड की टीम अभी भारत से 101 रन से पीछे है। भारत ने रात के सात विकेट पर 421 रन के स्कोर से आगे खेलते हुए रविंद्र जडेजा (87) और अक्षर पटेल (44) के बीच आठवें विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी करके मेहमान टीम पर पहली पारी में 190 रन की बढ़त दिला दी। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में जाक क्राउले (31) का विकेट गंवाया जिन्हें रविचंद्रन अश्विन ने आउट किया। ब्रेक तक बेन डकेट 38 और ओली पोप 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। 

फिलहाल तीसरे दिन के पहले सेशन का खेल चल रहा है। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए हैं। बेन डकेट और ओली पोप क्रीज पर हैं। जैक क्रॉले 31 रन बनाकर आउट हुए, उन्हें रविचंद्रन अश्विन ने स्लिप में कैच कराया। 

भारतीय पारी 436 रन पर सिमटी, इंग्लैंड पर 190 रन की बढ़त 
भारत ने शनिवार को यहां पहले टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड के पहली पारी के 246 रन के जवाब में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 436 रन बनाये। भारत ने रात के सात विकेट पर 421 रन के स्कोर से आगे खेलते हुए रविंद्र जडेजा (87) और अक्षर पटेल (44) के बीच आठवें विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी करके मेहमान टीम पर पहली पारी में 190 रन की बड़ी बढ़त दिला दी। इंग्लैंड के लिए जो रूट सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे जिन्होंने 79 रन देकर चार विकेट लिए जबकि टॉम हार्टले (2/131) और रेहान अहमद (2/105) ने दो-दो विकेट चटकाये। 

 

ये भी पढे़ं : शोएब मल‍िक का नहीं खत्म हुआ क्रिकेट कॉन्ट्रैक्ट, BPL टीम के माल‍िक ने दी सफाई

संबंधित समाचार