छत से गिरकर किशोर की मौत, परिजन बोले - बंदर ने छत से नीचे फेंका
बहराइच, अमृत विचार। जिले के रामपुर धोबियाहार गांव निवासी एक किशोर की शनिवार सुबह छत से नीचे गिरकर मौत हो गई। परिवार के लोगों का कहना है कि किशोर को बंदर ने छत से नीचे फेंक दिया। किशोर की मौत से परिवार के लोग विलख रहे हैं।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर धोबियाहार गांव निवासी अरविंद कुमार (15) पुत्र बुद्धीलाल शनिवार सुबह नौ बजे अपने छत पर चढ़ा। वहां एक बड़ा बंदर आ गया। बंदर ने अरविंद को देख हमले का प्रयास किया। पिता बुद्धीलाल का कहना है कि बंदर ने हमले के प्रयास में बेटे को छत से नीचे फेंक दिया। 15 फीट छत से नीचे गिरे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि गांव के लोगों का कहना है कि बंदर से बचने के लिए किशोर की नीचे गिरकर मौत हुई है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। चौकी इंचार्ज से जानकारी ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें - डॉक्टर ने अपने गुर्गों संग मिलकर किया था युवक का मर्डर, जीआरपी ने दर्ज किया हत्या का केस
