संभल: जय भीम, जय भारत का नारा लगाने पर छात्र को पीटा, विरोध में ग्रामीणों ने किया हंगामा
नरौली के सरदार सिंह इंटर कॉलेज में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में हंगामा, दो युवकों के विरुद्ध एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज
संभल/चन्दौसी/बनियाठेर, अमृत विचार। थाना बनियाठेर के कस्बा नरौली के सरदार सिंह इंटर कालेज में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाषण के दौरान जय भीम जय भारत का नारा लगाना एक छात्र को भारी पड़ गया। नारे से क्षुब्ध होकर दो छात्रों ने कालेज के बाद छात्र से गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। ग्रामीणों ने छात्र के साथ कस्बा चौकी पहुंच कर विरोध किया। हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने छात्र की तहरीर के आधार पर दो छात्रों के खिलाफ आईपीसी की संगीन धाराओं समेत एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। दूसरे पक्ष से भी तहरीर दी गई है। जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

26 जनवरी की सुबह नरौली के सरदार सिंह इंटर कालेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र और शिक्षकों ने भाषण दिए। इसी बीच इंटर के छात्र विकास गौतम पुत्र देवकीनंदन निवासी गांव सराय सिकंदर ने भी भाषण दिया। छात्र विकास ने जय भीम, जय भारत का नारा लगाते हुए अपने भाषण का समापन किया। भाषण के दौरान जय भीम जय भारत का नारा लगाना दो छात्रों को अच्छा नहीं लगा । आरोप है कि कार्यक्रम समापन के उपरांत दोपहर करीब एक बजे जब छात्र विकास गौतम कालेज से बाहर आया तो दोनों छात्रों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
कुछ देर के लिए कालेज के बाहर अफरातफरी का माहौल हो गया। पता लगने पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और छात्र को लेकर कस्बा चौकी पहुंचे। जहां ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुछ देर के लिए हंगामे भरी स्थिति बन गई। पुलिस ने विकास गौतम की तहरीर के आधार पर अजय कुमार व राजकुमार निवासी नामालूम के खिलाफ गाली-गलौच, मारपीट, जान से मारने की धमकी समेत एसटीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं। शनिवार को आरोपी छात्र अजय कुमार की ओर से भी तहरीर दी गई है। जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
इस मामले में पीड़ित छात्र की तहरीर के आधार पर दो को नामजद करते हुए मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे हैं। दबिश जारी है। दूसरे पक्ष से दी गई तहरीर पर जांच की जा रही है। -मोहित कुमार काजला, प्रभारी, थाना बनियाठेर।
ये भी पढ़ें:- संभल: किसानों ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, तहसीलदार को समस्याओं से संबंधित दिया ज्ञापन
