बदायूं: गणतंत्र दिवस पर दो संप्रदाय के लोगों में मारपीट, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांव रियोनाई के स्कूल में कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद

उघैती, अमृत विचार। गणतंत्र दिवस के अवसर पर थाना उघैती क्षेत्र के गांव रियोनाई में दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट हुई। दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने स्थिति संभाल ली। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोग समझौते का प्रयास करते रहे लेकिन किसी भी पक्ष ने पुलिस को शिकायती पत्र नहीं दिया है।

गांव रियोनाई के एक प्राइवेट स्कूल में कार्यक्रम हो रहे थे। इसी दौरान एक संप्रदाय के लोगों ने वहां आकर गाली-गलौज शुरू कर दी तो दूसरे पक्ष ने विरोध किया। कुछ देर के बाद मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडे चलाए और पथराव किया। मुस्लिम संप्रदाय की एक महिला जबकि हिंदू पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। किसी ने पुलिस को गांव में माहौल बिगड़ने की सूचना दी। उघैती थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। एक पक्ष ने गाली-गलौज करने तो दूसरे पक्ष ने उनके घर की महिलाओं पर फब्तियां कसने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्ष को शांत कराया। 

मामूली रूप से घायल सभी लोगों को इलाज के लिए भेजा गया। हिंदू संगठन के लोग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की लेकिन शनिवार शाम तक किसी की ओर से भी शिकायती पत्र नहीं दिया गया। हालांकि मारपीट में शामिल कई लोग गांव से भाग गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि गांव में विवाद हुआ था। दोनों पक्ष के लोग समझौता कर रहे हैं। उन्होंने शिकायती पत्र नहीं दिया है। विवाद करने वालों को चिंह्नित करके कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति बनी है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: तीन साल से थे परेशान, नगर पालिका चेयरमैन ने कर्मचारियों को दी 3.74 करोड़ की खुशी

संबंधित समाचार