बरेली: प्रियंका व राहुल की गिरफ्तारी के विरोध में धरने पर बैठे कांग्रेसी
बरेली, अमृत विचार। हाथरस जा रहे प्रियंका-राहुल की गिरफ्तारी और धक्कामुक्की से कांग्रेसी भड़क गए। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने घटना पर विरोध जताते हुए धरना प्रदर्शन किया। चौकी चौराहा पर सरकार का पुतला दहन करने के साथ ही गांधी उद्यान के बाहर कांग्रेसी धरने पर बैठ गए। हंगामे की खबर पाकर जिला प्रशासन भी सतर्क हो …
बरेली, अमृत विचार। हाथरस जा रहे प्रियंका-राहुल की गिरफ्तारी और धक्कामुक्की से कांग्रेसी भड़क गए। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने घटना पर विरोध जताते हुए धरना प्रदर्शन किया। चौकी चौराहा पर सरकार का पुतला दहन करने के साथ ही गांधी उद्यान के बाहर कांग्रेसी धरने पर बैठ गए। हंगामे की खबर पाकर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया। गांधी उद्यान, अयूब खां, चौकी चौराहे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय शुक्ला की अगुआई में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने चौकी चौराहा पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार में जंगलराज चरम पर है। नाकामी छिपाने को योगी सरकार ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बदसुलूकी ऐसे समय पर की, जब वह पीड़ित परिवार का दर्द बांटने जा रहे थे। इस दौरान प्रेम प्रकाश अग्रवाल, नवाब मुजाहिद हसन खां, रामदेव पांडेय, मोनू पांडेय, विष्णु शर्मा, नीतू शर्मा, सौरभ राठी, बिलाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इधर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी के नेतृत्व में कांग्रेसी शहामतगंज चौराहा स्थित जिला कार्यालय से नारेबाजी करते गांधी उद्यान पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से इस्तीफा देने और हाथरस में गैंगरेप के दोषियों को फांसी देने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। कांग्रेसियों के जमावड़े से पुलिस प्रशासन भी सकते में आ गया। कोतवाल गीतेश कपिल ने सड़क पर बैठे हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सहित अन्य कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय पर नजरबंद कर दिया।
