अयोध्या: शबरी रसोई में अभी नहीं बना है कोई मेन्यू कार्ड, नोटिस पर एडीए में दाखिल किया जवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। टेढ़ी बाजार स्थित अरुंधति भवन में चल रही शबरी रसोई की तरफ से अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) को नोटिस का जवाब दे दिया गया है, लेकिन एक नई बात सामने आ रही है कि अभी रेस्टोरेंट का पूर्ण रूप से संचालन ही नहीं शुरू हुआ है और रसोई विवादों में आ गई। अभी कोई रेट लिस्ट भी जारी नहीं की गई है। यह बात शबरी रसोई के प्रोजेक्ट हेड सत्येंद्र मिश्र ने खुद स्वीकार की है।

उन्होंने बताया कि 15 फरवरी से रसोई का संचालन शुरू होना है। उसी समय मेन्यू व उनके रेट भी सामने आएंगे। अभी जो चाय और टोस्ट का बिल वायरल हुआ है वह किसी ने साजिशन किया है। सत्येंद्र मिश्र ने बताया कि हमारे यहां अयोध्या के लग्जरी होटलों की तरह ही सुविधाएं दी जाती हैं। रही बात चाय की तो वह अयोध्या के तमाम लग्जरी होटलों से सस्ती है। उन्होंने बताया कि एडीए की तरफ से हमें नोटिस मिली थी, जिसका जवाब दाखिल कर दिया गया है। हालांकि हम यह नहीं बता सकते हैं कि दाखिल जवाब में क्या लिखा गया है। 

55 रुपये की चाय से चर्चा में आई शबरी रसोई 

शबरी रसोई के नाम से खुले रेस्टोरेंट से 55 रुपये की चाय का बिल सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खबर जंगल में आग की तरह फैल गई थी। वायरल खबर का ही एडीए ने संज्ञान लिया था और तीन दिन के भीतर जवाब मांगा था। साथ ही यह भी कहा था कि एडीए की छवि धूमिल करने के चक्कर में क्यों न आपके साथ किया गया अनुबंध निरस्त कर दिया जाए।

यह भी पढ़ें:-रामोत्सव: रामपथ पर प्रवाहमान है आस्था का सैलाब... देश के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संगम की केंद्र बनी रामनगरी

संबंधित समाचार