रामोत्सव: रामपथ पर प्रवाहमान है आस्था का सैलाब... देश के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संगम की केंद्र बनी रामनगरी
प्राण-प्रतिष्ठा के छह दिनों बाद रविवार को भी नहीं थमा रामभक्तों का तांता
अयोध्या, अमृत विचार। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से प्रारंभ हुए रामोत्सव में रामपथ और भक्तिपथ पर आस्था का आवेग प्रवाहमान है। देश के विभिन्न प्रांतों के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संगम का केंद्र बन चुकी रामनगरी में रविवार को भी श्रद्धा के साथ उल्लास का दृश्य गतिमान है। यहां पहुंच रहे श्रद्धालु रामलला के दर्शन के साथ हनुमंतलला के दरबार में भी शीश नवा श्रद्धा निवेदित कर रहे हैं। वहीं हरिद्वार से आए श्रद्धालुओं ने ढोल-मजीरे की थाप पर प्रस्तुति दी और फिर रामलला का दर्शन-पूजन किया।
सुव्यवस्थित दर्शन की सुविधा के बाद अब धीरे-धीरे पाबंदियों का घेरा भी सिमटने लगा है। पहले उदया चौराहे और बाद में टेढ़ी बाजार तक बाइक आदि का प्रवेश रविवार को श्रीराम चिकित्सालय तक होने लगा है। वहीं धर्मपथ पर लता मंगेशकर चौक से लेकर तुलसी उद्यान के आगे तक आवागमन सामान्य किया जा रहा है। सख्ती का दायरा कम होने के बाद अब पहले की तरह ही रामपथ पर मेले जैसा दृश्य भी दिखने लगा है। पथ के दोनों ओर बनी दुकानों पर भी श्रद्धालु दर्शन पूजन के बाद खरीदारी करते दिख रहे हैं।
नित्य नए रंगों से रंगता जा रहा है रामोत्सव, चटख हो रहा उल्लास
दर्शन मार्ग के निकट मध्य प्रदेश के इंदौर से आए दंपत्ति उल्लास में दिखे। धर्मपत्नी राखी त्रिवेदी माथे पर जय श्रीराम रचवा रहीं थीं तो पति पुष्पेंद्र त्रिवेदी मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। दोनों बोले मन बड़ा प्रसन्न है। लता मंगेशकर चौक पर आस्था के आनंद में वृंदावन से आए सचिन ढोल पर थाप दे रहे थे। बताया विभिन्न स्थानों पर रामोत्सव में संगीतमयी प्रस्तुति दे रहे हैं।
अल्मोड़ा से साइकिल यात्रा कर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
मंदिर के गर्भगृह में प्रतिष्ठित रामलला के दर्शन के लिए लगातार श्रद्धालु रामनगरी पहुंच रहे हैं। इसीक्रम में तीन अल्मोड़ा से साइकिल यात्रा कर रविवार को रामनगरी पहुंचे। यहां पहुंचे तीनों श्रद्धालुओं का कहना है कि रामलला अब अपने भव्य मंदिर में विराजमान हो गए हैं, इससे बड़ी खुशी की बात और कुछ नहीं है। उन्होंने बताया कि वे रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे और आशीर्वाद लेंगे।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: LDA ने 20 से अधिक निर्माणाधीन मकानों को किया सील, दुकानों पर भी हुई कार्रवाई
