बरेली: स्मार्ट मीटर बढ़ा रहे मुसीबत, बिल जमा करने के बाद भी बिजली गुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में लगे बिजली के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ा रहे हैं। बिल बकाया पर कनेक्शन कट जाता है लेकिन जमा करने के बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो रही। उपभोक्ता अधिकारियों से शिकायत करते हैं उसके बाद बिजली सप्लाई बहाल हो पा रही है।

शहर में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए गए थे। इससे बिल जमा करने में एक दिन भी लेट होने पर कनेक्शन कट जाता है और बिल जमा करने के बाद सप्लाई ऑटोमेटिक शुरू हो जाती है। लेकिन पिछले कुछ समय से बिल जमा करने के बाद भी बिजली गुल रहती है। क्योंकि कनेक्शन जुड़ने की प्रक्रिया ऑटाेमेटिक नहीं रही। 

सिविल लाइंस के रहने वाले अमर ने बताया कि बकाया बिल होने पर 27 जनवरी को उनके घर की बिजली सप्लाई बंद हो गई। उन्होंने ऑनलाइन बकाया बिल का भुगतान कर दिया लेकिन बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। जेई से शिकायत की तो आधा घंटे बाद बिजली आई। नवादा शेखान की रहने वाली गीता देवी के घर का भी कनेक्शन बकाया होने पर खुद कट गया। एसडीओ को जमा बिल की रसीद दिखाने पर बिजली सप्लाई बहाल हो सकी।

आटोमेटिक कनेक्शन जुड़ने की प्रकिया बंद
शहर में दो लाख उपभोक्ताओं में से करीब 55 हजार उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लगे हैं। अब कनेक्शन जोड़ने की प्रकिया आटोमेटिक नहीं रही। उपकेंद्र जाकर जेई और एसडीओ को रसीद दिखाने के बाद बिजली सप्लाई बहाल हो पा रही है।

बकाया होने पर स्मार्ट मीटर में बिजली खुद कट जाती है। बिल जमा करने के बाद भी सप्लाई नहीं आने की दिक्कत मुख्यालय से है। शिकायत मिलने पर सिस्टम से उसकी सप्लाई को शुरू कर दिया जाता है।-अमित आनंद, अधिशासी अभियंता

ये भी पढे़ं- बरेली : दो पक्षों में खूनी संघर्ष...तड़तड़ाईं गोलियां, युवक पर चढ़ाया ट्रैक्टर, पांच लोग घायल

 

संबंधित समाचार