बरेली: कोरोना से जिले में तीन लोगों की मौत, 96 संक्रमित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। गुरुवार को जिले में कोरोना से तीन संक्रमितों की मौत हो गई। मौतों का ग्राफ एक साथ बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग अब चिंता में पड़ गया है। मृतकों में दो 55 वर्षीय और एक 70 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है। वहीं, गुरुवार को कोरोना से कुल 96 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई …

बरेली, अमृत विचार। गुरुवार को जिले में कोरोना से तीन संक्रमितों की मौत हो गई। मौतों का ग्राफ एक साथ बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग अब चिंता में पड़ गया है। मृतकों में दो 55 वर्षीय और एक 70 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है। वहीं, गुरुवार को कोरोना से कुल 96 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरुवार को सुभाषनगर निवासी 55 वर्षीय बुजुर्ग को सांस लेने में दिक्कत हुई तो परिजनों ने उनकी उनकी कोरोना जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें कोविड एल टू अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई।

वहीं बंशीनगर निवासी 55 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहा जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें भी एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने अपना दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल संबंधी बीमारियां भी थी।

चाहबाई निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग भी एल- 2 कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग से मिली रिपोर्ट के अनुसार एक दिन में कुल 96 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें से 47 लोग एंटीजन और ट्रूनॉट से 27 लोग आईवीआरआई से संक्रमित मिले हैं, बाकी सभी की रिपोर्ट निजी लैब से पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में एक तीन वर्ष का मासूम भी शामिल है।

इन इलाकों के मिले संक्रमित
संक्रमितों में अब्दुल्ला, दरबारनगर, सिविल लाइंस, जनकपुरी, सरस्वती बिहार, सिठौरा, कर्मचारी नगर, सहदाना, राजेंद्र नगर, बिक्रमादित्यपुरी, रोहली टोला, ग्रीन पार्क, नकटिया, लोहिया बिहार, सिटी हार्ट कॉलोनी, कानून गोयान फरीदपुर, छीबी टोला, मस्तीपुर, रविंद्र नगर, भोजीपुरा, चांड़पुर, वीर सावरकर नगर, इयरफोर्स रोड, गुलाब नगर, जजेज कॉलोनी, अहिरोला, शांति पुरम, समेत तमाम इलाके शामिल है।

नोडल अधिकारी ने की कोरोना से मौतों की समीक्षा
कोरोना से हुई मौतों की गुरुवार को नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने समीक्षा की, जिसमें उन्होंने फरीदपुर के सिमरा निवासी 24 वर्षीय अनीता की मौत के मामले में कहा कि जब उसका आक्सीजन स्तर 93 था फिर भी क्यों नहीं बचाया जा सका। नोडल अधिकारी ने कहा कि एंटीजन टेस्ट और बढ़ाने की जरूरत है। इसे बढ़ाया जाए, साथ ही यह भी निर्देश दिए कि निजी अस्पताल य‌दि ऐसे मामलों में लापरवाही बरतें तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और शासन को लिखा जाए।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी कोरोना पॉजिटिव
अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह गुरुवार को धान खरीद को लेकर अपने कार्यालय में बैठक ले रहे थे। जिला खाद्य विपणन अधिकारी भी मौजूद थे। अचानक उनकी तबीयत खराब हो गयी। एडीएम प्रशासन ने उन्हें कोरोना टेस्ट कराने की सलाह दी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने एंटीजेन टेस्ट कराया। आधे घंटे के बाद रिपोर्ट आने पर वह कोरोना पॉजिटिव निकले। यह सूचना मिलते ही एडीएम प्रशासन के कार्यालय में खलबली मच गयी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती जो फाइलें लेकर आए थे, उन्हें अलग कर दिया गया। तत्काल पूरे कार्यालय को सैनेटाइज कराया गया। एक बार को एडीएम प्रशासन भी डर गए। इधर, सुनील भारती के परिजनों ने भी कोविड टेस्ट कराया। जिसमें उनका बेटा भी पॉजिटिव निकला।

संबंधित समाचार