मदरसा बोर्ड की परीक्षा: डिवाइस के सहारे सुरक्षित रखना होगा परीक्षा केंद्रों का डाटा, हर केंद्र पर लगेगा CCTV कैमरा, निर्देश जारी
13 फरवरी से शुरू हो रहीं परीक्षाएं, 59 जनपदों में होंगे मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल, फाजिल के exams
लखनऊ। मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों के साथ ही अब परीक्षा केंद्र प्रभारियों को लगाए गए सीसीटीवी की डिवाइस भी सुरक्षित रखनी होगी। ताकि डिवाइस के सहारे परीक्षा केंद्रों का डाटा सुरक्षित रखा जा सके। अन्यथा की स्थिति में उन्हें कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं 59 जनपदों में 13 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जो 21 फरवरी तक चलेंगी।
बोर्ड रजिस्ट्रार प्रियंका अवस्थी का कहना है कि 59 जनपदों में आयोजित परीक्षाओं के 413 परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्रों पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी की रिकार्डिंग डिवाइस के सहारे सुरक्षित रखी जाएं। केंद्रवार परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन के साथ डिवाइस को भी जांचा जाएगा। ताकि परीक्षा केंद्रों की सही स्थिति का आंकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्देशों का पालन न करने वाले प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
इन परीक्षाओं में शामिल होंगे परीक्षार्थी
मुंशी, मौलवी के अलावा आलिम, कामिल और फाजिल भी अपनी परीक्षा देंगे। फरवरी में आयोजित परीक्षा में पूरे प्रदेश में इस बार 1 लाख 43 हजार 119 परीक्षार्थी अलग-अलग परीक्षा केंद्रों में सम्मलित होकर अपनी परीक्षाएं दे सकेंगे।
राउटर डिवाइस और इंटरनेट की रहेगी व्यवस्था
मदरसा बोर्ड और परीक्षा समिति के सदस्य कमर अली का कहना है कि इस बार हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य हो गया है। ताकि परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शी और नकल विहीन रहे। सीसीटीवी कैमरे डीवीआर के साथ राउटर डिवाइस और हाई स्पीड इंटरनेट सेवाएं भी परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि विषम परिस्थितियों में हर परीक्षा केंद्रों पर राज्य मुख्यालय से संवाद स्थापित हो सके।
नहीं करना पड़ेगा आवेदक को इंतजार
उप्र मदरसा बोर्ड के सदस्य कमर अली बताते हैं कि पहले जब परीक्षा परिणाम घोषित होते थे, तो विवि अथवा उससे संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो जाती थी। ऐसी स्थितियों में छात्रों को एक वर्ष का लंबा इंतजार करना पड़ता था। इस बार समय से हो रही परीक्षाओं के कारण ये समस्या स्वत: समाप्त हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: रामलला-स्तुति पुस्तक पर विद्वानों ने की परिचर्चा, कहा- गागर में सागर है यह रचना, सभी करें अध्ययन!
