बहराइच: ताला तोड़कर तीन दुकानों से चोरों ने की लाखों की चोरी, थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई चोरियां
बहराइच, अमृत विचार। जिले के फखरपुर थाने से चंद कदम की दूरी स्थित रामलीला मैदान के सामने हाईवे किनारे तीन दुकानों में ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। ताबड़तोड़ हुई चोरी ने पुलिस के रात्रि गस्त की पोल खोल दिया है। सुबह जानकारी होने दुकान मालिकों ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस मामले को पूरी तरह दबाने में जुटी हुई है। जनपद के डफरापुर गांव निवासी आशीष मिश्र फखरपुर के रामलीला गेट के बगल हाईवे किनारे भैरुनाथ आईसक्रीम के नाम से दुकान चलाते हैं।
रविवार शाम को वह दुकान बंद कर वह घर चले गए। देर रात चोरों ने ताला तोड़कर दुकान में रखा इनवर्टर, बैट्रा, पूजा के लिए रखी 100 ग्राम चांदी की मूर्ति, दो काफी मशीन, आइसक्रीम स्कोप समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पास में ही मंझौरा निवासी रमेश यादव के होटल मे ताला तोड़ कर 10 किस्ती, मिठाई समेत हजारों रुपये का समान चोर उठा ले गए।

खालिदपुर निवासी हारुन की दुकान से ताला तोड़कर मोटरसाइकिल के टायर व ट्यूब समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकानदारों को चोरी की जानकारी हुई। थाने पर सूचना दिया, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय घटना को दबाने में जुट गई है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार त्रिपाठी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच की है। जल्द ही चोरी का खुलासा होगा।
और पुलिस को नहीं लगी भनक
रात में चोर एक-एक कर तीन दुकानों को खंगालते रहे, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इस घटना ने चौक-चौराहे पर लगने वाली पुलिस ड्यूटी, रात्रि गस्त, 112 नंबर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दिया।
यह भी पढ़ें:-Sakat Chauth: सकट चौथ व्रत आज, बेटों की लंबी उम्र के लिए मां मांगेंगी दुआएं, जानिए चंद्रोदय का समय
