सुलतानपुर: फर्जी अभिलेख तैयार कर बहाल करवा ली दुकान, 'नींद' से जागे अफसरों ने फिर से रद करवाया दुकान का लाइसेंस! 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उचित दर विक्रेता के खिलाफ केस दर्ज करने की उठी मांग, शिकायतकर्ता ने डीएम को सौंपा पत्र

सुलतानपुर। फर्जी अभिलेख तैयार करवा कर उचित दर विक्रेता ने दुकान बहाल करवा ली। डीएम से शिकायत के बाद नींद से जागे महकमे ने जांच पड़ताल करवा कर उचित दर विक्रेता की दुकान निलंबित कर दी। सोमवार को शिकायतकर्ता ने डीएम को पत्र सौंपकर उचित दर विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की है।

मामला जयसिंहपुर विकास खंड के रवानिया गांव से जुड़ा है। गांव निवासी विंदेश्वरी पांडेय ने सोमवार को डीएम को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि कोटेदार दुर्गा प्रसाद द्वारा नवम्बर 2020 में 10 राशन कार्ड धारकों का राशन फर्जी ढंग से प्राक्सी (अंगूठा न लगने की दशा में मोबाइल पर ओटीपी भेजकर) कर खारिज कर लिया था। जांच के बाद डीएसओ ने दुकान निरस्त कर दी थी।

आरोप है कि उचित दर विक्रेता ने 22 मार्च 2021 को फर्जी अभिलेख तैयार करवा दुकान बहाल करवा ली, जिसमें से तीन मृतक का भी शपथ पत्र लगा लिया। शिकायत के बाद भी जब उचित दर विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो शिकयतकर्ता स्थानीय तहसील में भूख हड़ताल पर बैठ गया। तब जाकर 24 अगस्त 2023 को दुकान फिर से निलंबित हुई। शिकायतकर्ता ने डीएम को शपथ पत्र देकर फर्जी अभिलेख के जांच की मांग की।

डीएम के आदेश पर एक बार फिर से जगे अधिकारियों ने जांच पड़ताल कर दुकान दोबारा निरस्त करवा दी है। जांच रिपोर्ट में भी दर्शाया गया कि 10 राशन कार्ड धारकों के शपथ पत्र में 8 लोगों का कूट रचित ढंग से शपथ पत्र लगाया गया है। इसके बाद भी डीएसओ ने उचित दर विक्रेता पर मुकदमा दर्ज करवाने की जहमत नहीं उठाई। शिकायतकर्ता ने डीएम से उचित दर विक्रेता पर मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की है।

यह भी पढे़ं: लखनऊ: वायु मार्ग में भी दिख रही खराब मौसम की मार!, दो उड़ानें रद, एक डायवर्ट

संबंधित समाचार