संभल: जनपद दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, बोले- अब विपक्ष कर रहा राम के नाम पर राजनीति
कलयुग में भी त्रेता युग जैसा हो रहा माहौल, मदरसों में भी रामायण पढ़ने को उत्साह, नीतीश देर आए दुरुस्त आए, भाजपा समुद्र उसमें मिल रही नदियां
बहजोई(संभल), अमृत विचार। जनपद दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने विपक्षी नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा राम मंदिर पर राजनीति नहीं करती। बल्कि अब विपक्ष राजनीति कर रहा है। निमंत्रण नहीं मिला तो कहते थे कि निमंत्रण नहीं दिया। निमंत्रण दिया तो वह राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में नहीं गए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक समुद्र है नीतीश अब भाजपा रूपी समुद्र में मिल गए हैं।
प्रदेश में भाजपा 80 की 80 सीट जीतेगी
जनपद दौरे के तहत कलेक्ट्रेट पर पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि राम प्राण हैं, आधार हैं, आस्था है, सभ्यता है, व्यवस्था हैं। इसी को लेकर बीजेपी आगे बढ़ रही है। अब ऐसी तस्वीर आ रही है कि मदरसे में भी रामायण पढ़ने के लिए उत्सुकता है। उन्होंने नीतीश के एनडीए में शामिल होने को लेकर कहा कि देर आए दुरुस्त आए। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी और समुद्र है, इस समुद्र में नदियां मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा 80 की 80 सीट जीतेगी और देश में 400 लोकसभा की सीट जीतने का लक्ष्य पूरा होगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, जिला महामंत्री कमल कुमार कमल, बहजोई चेयरमैन राजेश शंकर राजू, कुमोद वार्ष्णेय, ललित मोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।
गोवंशीय पशुओं को छोड़ने वालों को दें नोटिस,न माने तो हो मुकदमा
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि निराश्रित पशुओं से प्रदेश के सभी जिले जूझ रहे हैं। संभल की समस्या ज्यादा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निराश्रित पशुओं को गोशाला में आश्रय दिया जाए। निराश्रित पशुओं की ईयर टैगिंग की जाए। कोई भी व्यक्ति अगर पशुओं को छोड़ने का काम करता है तो उसे दो बार नोटिस दिया जाए। इसके बाद भी वह नहीं मानता है तो उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। कहा कि जनपद की सुरक्षा को लेकर एसपी को निर्देश दिए गए हैं। वहीं विकास की योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतरने के लिए डीएम से भी समीक्षा की गई है।
अयोध्या रामलला के दर्शन को लेकर मंत्री ने भाजपाइयों के साथ की बैठक
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनके दर्शन करने को लेकर पहुंचने का आह्वान किया। अपने साथ लोगों को ले जाने की भी बात कही। वाहनों की व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने कार्यकर्ताओं से चर्चा की। वहीं संभल लोकसभा की सीट को जीतने को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुट जाएं।
ये भी पढ़ें:- Filmfare Awards 2024: रणबीर-आलिया को मिला फिल्मफेयर अवॉर्ड, 12वीं फेल और एनिमल का रहा जलवा
