आस्था स्पेशल: जय श्री राम के उद्घोष के साथ श्रद्धालु अयोध्या रवाना
बरेली, अमृत विचार। अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन को रेलवे आस्था स्पेशल ट्रेन चला रहा है। सोमवार देर रात पहली आस्था स्पेशल ट्रेन जंक्शन पहुंची। इस दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा स्टेशन गूंज उठा। श्रद्धालु ट्रेन में सवार होने के लिए उत्साहित दिखे। रेलवे अधिकारियों समेत संघ और भाजपा से जुड़े तमाम पदाधिकारी श्रद्धालुओं को सकुशल ट्रेन में बैठाने के लिए व्यवस्था बनाते हुए दिखाई दिए। कुल 457 श्रद्धालु इस ट्रेन में सवार हुए।
22 कोच वाली 04316 ट्रेन देर रात 9: 30 बजे जंक्शन पर आई। पांच मिनट के ठहराव बाद रवाना हुई। यात्रियों को सकुशल ट्रेन में बैठाने के लिए अधिकारी जुटे रहे। आरक्षण कार्यालय के बाहर हेल्प डेस्क बनाई गई थी। सभी यात्रियों को उनके ग्रुप लीडर्स की ओर से पहचान पत्र दिए गए। आस्था स्पेशल पूरी तरह स्लीपर ट्रेन थी। जंक्शन पर कोच एस 14 से एस 20 तक में यात्री सवार हुए। सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ व जीआरपी मुस्तैद रही।
एडीआरएम राकेश कुमार, सीनियर डीओएम चेतन तनेजा, एसीएम विशाल शर्मा, स्टेशन अधीक्षक भानुप्रताप सिंह, सीएमआई राकेश कुमार सिंह, सनत तरफदार, सीएचआई सलाउद्दीन, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अजित प्रताप सिंह आदि व्यवस्था बनाने में लगे रहे। इस ट्रेन के स्टॉपेज हरिद्वार, मुरादाबाद, रामपुर, लखनऊ और अयोध्या है। बुधवार को यह ट्रेन अयोध्या से श्रद्धालुओं को लेकर लौटेगी। बताते हैं कि सुबह में भी एक आस्था स्पेशल गुजरी थी। हालांकि इसकी जंक्शन से बोर्डिंग नहीं थी।
यात्रियों की जुबां पर बस राम
रामलला के दर्शन को लेकर यात्री उत्साहित थे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र प्रतिनिधि चंपावत निवासी दीपक रजवार ने बताया कि सैकड़ों साल पुराना सपना पूरा हो गया है। अब बस रामलला के दर्शन को बेताब हैं। वहीं, पिथौरागढ़ के गगन सिंह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर आज पूरे देश के लिए उत्सव की वजह बन गया है। इस उत्सव में शामिल होना भी सौभाग्य है।
सात बसों से पहुंचे श्रद्धालु
आस्था स्पेशल ट्रेन हरिद्वार से आई थी। आरसीटीसी के जरिये कोच की बुकिंग की गई थी। इसमें सवार होने वाले अधिकतर श्रद्धालु उत्तराखंड के थे। सात बसों से हल्द्वानी, चंपावत, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, सितारगंज आदि स्थानों यह श्रद्धालु शाम को यहां आए थे।
संघ के लोगों ने श्रद्धालुओं में भरा जोश
श्रद्धालुओं में जोश भरने के लिए संघ से जुड़े लोग भी जंक्शन पहुंचे। संघ के विभाग प्रचारक धर्मेंद्र भारत, महानगर प्रचारक मयंक साधु, प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र सचान, प्रतिपाल सिंह, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य किशन चंद, भाग प्रचारक हेमंत, भाग प्रचार शेखर, डॉ. हिमांशु अग्रवार, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।
स्काउट गाइड ने की सेवा
उत्तर रेलवे मुरादाबाद रेल मंडल के स्काउट गाइडों ने जंक्शन पर श्रद्धालुओं को ट्रेन में बैठाने की व्यवस्था की। मुशर्रफ खान, मनोज कुमार, राजेश कुमार कोष्टा, रामवीर दिवाकर, संदीप कुशवाह, जुबेर खान, प्रमोद कुमार, श्याम सुंदर, अजहर, जैद खान, अरुण कुमार, सर्वेश भारती के अलावा स्काउट गाइड रामपुर की टीम भी शामिल रही।
ये भी पढे़ं- बरेली: सब्जियों पर भीषण महंगाई ने हर घर को बनाया शबरी की रसोई
