सुलतानपुर: ट्रैक्टर की टक्कर से बोलेरो पलटी, दूल्हा-दुल्हन घायल, पिता की हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दूल्हा व उसके पिता की हालत नाजुक, मेडिकल कॉलेज रेफर

मोतिगरपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। बहू की विदाई कराकर घर लौट रही बोलेरो को सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने जोरदार टक्कर मार दी। बोलेरो और ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे खड्ढ में पलट गई। घटना में बोलेरो सवार दूल्हा और उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि, बहू सहित अन्य को मामूली चोटे आई। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सौ शैय्या अस्पताल बिरसिंहपुर ले जाया गया, जहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया गया।

सोमवार को अयोध्या जिले के बीकापुर थाने के परूआ पूरे ठाकुरदीन निवासी शिवनाथ जौनपुर जिले के नौपेड़वा से अपने बेटे कुलदीप की बहू की विदाई (दोंग) कराकर वापस लौट रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के अहदा-कालीगंज मार्ग पर सामने से मिट्टी गिरकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक बोलेरो में ट्राली से टक्कर मार दी। घटना से बोलेरो और ट्राली सड़क किनारे खेत में पलट गई। बोलेरो सवार शिवनाथ (51) और उनके बेटे कुलदीप (24) को गंभीर चोटे आई। जबकि बहू सहित बोलेरो में सवार अन्य लोगों को मामूली चोटे आई।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। एंबुलेंस की मदद से पिता पुत्र को बिरसिंहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष मोतिगरपुर ज्ञानचंद शुक्ला ने बताया कि पीड़ित द्वारा अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-फसल नुकसान का मुआवजा देने में लापरवाही पर सीएम योगी सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार, मांगा जवाब

 

संबंधित समाचार