कासगंज: खेत में पेड़ पर झूलता मिला व्यक्ति का शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गंजडुंडवारा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव चिरौला रोड स्थित ईंट भट्टा के समीप खेत में लगभग 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है और एक दिन पूर्व मथुरा से दवा लेकर वापस लौटा था।
गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव खरपुरा निवासी 45 वर्षीय रमेश पुत्र छोटे लाल सोमवार रात को मथुरा से दवा लेकर लौटा था। वह मानसिक रूप से परेशान था और उसका उपचार चल रहा था। मंगलवार को वह अपने घर से निकल गया था। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि रमेश का शव गांव चिरौला रोड पर कैंची पुलिया के पास बॉम्बे ईंट भट्टा के समीप पेड़ पर झूल रहा है।
जानकारी मिलते ही चाचा सोबरन सिंह और परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर विलाप करने लगे। सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। व्यक्ति की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर विनोद कुमार का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टिया खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
घटना की जानकारी पर एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने जिले की फोरेंसिक टीम को मौके पर पहुंचकर घटना स्थल से फोटोग्राफ और साक्ष्य एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
ये भी पढे़ं- कासगंज: लोकदल की जिलाध्यक्ष सहित छह के खिलाफ हुई गैंगस्टर की कार्रवाई
