पीलीभीत: लीकेज न मिलने पर एक माह बाद जिस गड्ढे को पाटा, अब उसी को फिर खुदवाया
पीलीभीत,अमृत विचार। पॉश अशोक कॉलोनी के लोगों की एक बार फिर मुसीबत बढ़ गई। पानी की पाइप लाइन में हुई लीकेज की समस्या को दूर करने में नगर पालिका की टीम अनुभवहीन साबित हो रही है। आलम ये है कि डेढ़ माह पूरा होने को है लेकिन अभी तक टीम लीकेज नहीं तलाश सकी।
अब जेसीबी से उसी स्थान पर गहरा गड्ढा खुदवा दिया गया है, जिसे गणतंत्र दिवस के पहले रेत डालकर पाट दिया गया था। एक अन्य स्थान पर गड्ढा खोदने को टीम ने प्रयास किए तो कॉलोनी के लोगों ने विरोध कर दिया। जिसके बाद टीम को बैकफुट पर आना पड़ा। फिलहाल लचर व्यवस्था को लेकर कॉलोनी वासियों में रोष व्याप्त है।
बता दें कि पानी की पाइप लाइन की लीकेज की समस्या शहर के अधिकांश इलाकों में बनी हुई है। दूसरी तरफ अमृत योजना के तहत शुरू कराए गए काम में अन्य इलाकों में भी गड्ढों को खोदवाया जा रहा है। अशोक कालोनी में डेढ़ माह से लीकेज की समस्या बरकरार है।
इसके लिए बीते माह कॉलोनी में तीन स्थानों पर गहरे गड्ढे खोदे गए थे। मगर उसके बाद भी लीकेज नहीं मिला। फिर गड्ढों से हादसे का डर बना और लोगों ने सुधार की मांग की। 21 जनवरी को नगर पालिका के कर्मचारियों ने खोदे गए गड्ढों को रेत डालकर पाट दिया था।
हालांकि रेत को समतल न करने से दिक्कत हो रही थी। चूंकि लीकेज अभी भी नगर पालिका की जलकल विभाग की टीम तलाश नहीं सकी है। मंगलवार दोपहर को जलकल प्रभारी तारिक हसन खां की अगुवाई में टीम जेसीबी लेकर अशोक कॉलोनी पहुंची।
यहां के लोग पहले ही गड्ढे सही न किए जाने से आक्रोशित थे। ऐसे में टीम के पहुंचते ही अपना दुखड़ा सुनाना शुरू कर दिया। जेसीबी से एक मकान के बाहर गड्ढा खोदवाने की कोशिश की गई, लेकिन लोगों ने एकजुट होकर विरोध कर दिया।
इसके बाद टीम ने मेडिकल स्टोर के सामने उसी जगह पर गहरा गड्ढा खोद दिया है, जिसे इक्कीस जनवरी को लीकेज न मिलने पर पाट दिया गया था। कुछ देर जलकल प्रभारी टीम के साथ रुके और फिर चलते बने। इसे लेकर कॉलोनी वासियों ने भी ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि अनुभवहीन टीम की वजह से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। गड़्ढों खोदवाकर दिक्कत बढ़ाई जा रही है।
अशोक कॉलोनी में गैस की पाइप लाइन की खुदाई के दौरान नगर पालिका की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिससे लीकेज की समस्या बनी हुई है। लीकेज प्वाइंट तलाशा जा रहा है। इसी को लेकर खोदाई कराई गई है। जल्द इसका सुधार कराया जाएगा, टीम लगी हुई है। ---तारिक हसन खां, जलकल प्रभारी नगर पालिका
