अचानक बदला आदेश..अब संजय कुमार होंगे पीलीभीत के नए डीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। शासन ने जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार का तबादला कर दिया। उन्हें विशेष सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर फर्रुखाबाद के डीएम संजय कुमार को पीलीभीत का नया डीएम बनाया गया है। हालांकि एक दिन पूर्व शासन ने आईएएस जोगेंद्र सिंह की तैनाती की थी, मगर ऐन वक्त पर शासन ने तब्दीली करते हुए उन्हें रामपुर का डीएम बनाया है।

डीएम पुलकित खरे के तबादले के बाद 21 सितंबर 2022 को प्रवीण कुमार लक्षकार को चार्ज दिया गया था। उन्होंने एक साल चार माह तक जिले में बतौर डीएम कार्यभार संभाला। इधर शासन ने तबादला सूची जारी करते हुए डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार को विशेष सचिव बनाया है। उनके स्थान पर बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह बतौर डीएम तैनाती की गई थी। 

इधर मंगलवार दोपहर आए आदेश के बाद नवागत डीएम जोगेंद्र सिंह के स्वागत की तैयारियां भी शुरू कर दी गई। स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक की भी तैयारी चल रही थी। अधिकारी भी नवागत डीएम के साथ बैठक को लेकर तैयारियों में मशगूल थे। इसी बीच शासन की ओर से नई सूची जारी कर दी गई। 

इसमें फर्रुखाबाद के डीएम संजय कुमार को पीलीभीत और आईएएस जोगेंद्र सिंह को रामपुर बतौर डीएम तैनाती की बात कही गई। शासन की ओर से जारी किए गए नए आदेश के बाद नवागत डीएम के स्वागत की चल रही तैयारियां थम गई। अपर जिलाधिकारी वित्त राम सिंह गौतम ने बताया कि नवागत डीएम संजय कुमार के बुधवार को यहां पहुंचने की उम्मीद है।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: बाघ हमला...बीते साल सात, नए साल के 29 दिन में दो ने गंवाई जान

 

 

संबंधित समाचार