Budget 2024: कारोबारियोंं की मांग: ऑनलाइन बाजार पर नकेल लगाए सरकार; दोहरा टैक्स खत्म किया जाए...
कानपुर, अमृत विचार। बजट से पहले कारोबारियों ने बैठक कर अपनी मांग फिर से जाहिर की है। कारोबारियों ने अपनी मांग दोहराई कि इस बजट में ऑनलाइन कारोबार पर नकेल लगाए जाने के लिए प्रावधान सरकार को करना चाहिए। कारोबारियों ने ऑनलाइन बाजार में नजर रखने के लिए नियामक आयोग का जल्द ही गठन करने की मांग की है। दोहरे टैक्स पर भी कारोबारी मुखर हुए।
बजट से पहले बुधवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक हुई। कोपरगंज में हुई बैठक में मंडल के प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री ज्ञानेश मिश्रा ने कहा कि ऑनलाइन बाजार थोक व रेडीमेड कपड़ा बाजार को धीरे-धीरे खत्म कर रहा है। देश में करोड़ों कारोबारी ऑनलाइन बाजार से सीधे प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में इस बजट में सरकार को ऑनलाइन कारोबार पर नकेल लगाना जरूरी है। बैठक में विजय गुप्ता ‘गोरे’, राजेश आहूजा, रतन सिंह, आरिफ मार्टिन, अब्दुल वाहिद सहित अन्य कारोबारियों ने कहा कि ऑनलाइन कारोबार पर नजर रखने के लिए नियामक आयोग जल्द बनाया जाना जरूरी है। ऑनलाइन कारोबारी लगातार नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सरकार को इस कारोबार को खुली छूट देने से बचना चाहिए।
दोहरा टैक्स खत्म होना चाहिए
बैठक में टेनी खान, सत्य नारायण खन्ना, हसीब अहमद व राकेश गुप्ता ने कहा कि पूरे विश्व में जहां इनकम टैक्स नहीं था वहां पर जीएसटी लागू किया गया। जीएसटी लागू करने के बाद कई देशों ने इनकम टैक्स को खत्म कर दिया। देश में आज भी कारोबारी दोहरा टैक्स दे रहे हैं। ऐसे में इनकम टैक्स में या तो छूट का दायरा 10 लाख रुपये तक होना चाहिए या इनकम टैक्स खत्म होना चाहिए। इस तरह से दोहरा टैक्स कारोबारियों की कमर तोड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- Kanpur: एलिवेटेड ट्रैक और रोड को बजट मिलने के आसार; शहर में जाम से मिलेगी मुक्ति....
