कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया, कहा - बजट में भी धोखा देने से बाज नहीं आई मोदी सरकार
लखनऊ, अमृत विचार। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए अंतरिम बजट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने तीखी प्रतिक्रिया करते हुए बजट को केवल सरकार की वाहवाही करने वाला बताया है। अजय राय ने बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं , दलितों, पिछड़ों और खासतौर से मध्यम वर्गीय के लिए कुछ नहीं होने का आरोप लगाया है, और देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश जहां से भारतीय जनता पार्टी को इतना बड़ा जन समर्थन मिला उस उत्तर प्रदेश को कुछ भी इस अंतरिम बजट में नहीं मिलने का, और धोखा देने का भी आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है आज भाजपा सरकार में संविधान की शपथ लेकर वित्त मंत्री झूठ बोल रही थी कि देश में 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि भेजी जा रही है, जबकि सच्चाई यह है 2 करोड़ 29 लाख किसानों का नाम काट दिया गया, और इसमें सबसे ज्यादा 55 लाख किसानों का नाम काटा गया जो उत्तर प्रदेश से हैं। उन्होंने कहा बढ़ती महंगाई में भाजपा सरकार की नीतियों से अन्नदाता की आय घटकर 27 रुपए रोज रह गई है,किसान की खेती की लागत बहुत बढ़ गई है, 25000 रूपए प्रति हेक्टेयर बढ़ा दी है, तो किसानों को उम्मीद थी कि ये 6000 रूपए इसे बढ़ाकर 15000 की जायेगी मगर निराशा हाथ लगी।
राय ने कहा की महंगाई का रोना रोने वाले भाजपा के नेता जो सिर्फ चुनावी राज्यों में गैस सिलेंडर सस्ता करते हैं , उनसे इस बजट में उम्मीद थी कि पूरे देश को गैस सिलेंडर सस्ता मिलेगा लेकिन देश के लोगों को फिर धोखा दिया। अजय राय ने कहा कि सबसे ज्यादा शर्मनाक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में हुआ है, सभी को उम्मीद थी की 45 साल में सबसे ज्यादा महंगाई के दौर में भवन निर्माण लागत को इस बजट में कम से कम दो गुना कर दिया जायेगा लेकिन उसमें कोई वृद्धि नहीं की गई। यह अंतरिम बजट सिर्फ और सिर्फ मोदी जी का महिमामंडन करने के लिए पेश किया गया है,आम आदमी को कुछ नही दिया।
ये भी पढ़ें -अंतरिम बजट में आपको क्या मिला?, यहां मिलेगी पूरी जानकारी... जानें Budget से जुड़ी अहम बातें
