गोंडा में अन्नपूर्णा भवन से बंटेगा राशन, 15 बिल्डिंग बनकर तैयार
गोंडा, अमृत विचार। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अब राशन सा वितरण अन्नपूर्णा भवन से किया जायेगा। जिले में मॉडल के रुप में बन रहे 15 अन्नपूर्णा भवन बनकर तैयार हो गए हैं। अब इनके उद्घाटन की तैयारी है। उद्घाटन के बाद इन गांवों में राशन वितरण इसी अन्नपूर्णा भवन से किया जायेगा।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत जिले में 75 मॉडल दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। इन्हे अन्नपूर्णा भवन का नाम दिया गया है। जिले के बभनजोत ब्लॉक के बड़हरा, करनैलगंज के रामगढ़ नकहरा, अलीपुर गोकुला, हलधरमऊ के कलवारी, झंझरी के चकसड़, कटरा के भगहरिया पूरेमितई, मनकापुर में सिसवा, मुजेहना में दिनारा, नवाबगंज में उमरिया, पंडरी कृपाल में दरियापुर हरदोपट्टी, परसपुर में चंगेरी, रूपईडीह में बिछुड़ी व बेलवाभान तथा बेलसर में पूरेडाढू समेत 15 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन बनकर तैयार हो गए हैं। अब इन भवनों के उद्घाटन की तैयारी है। जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय के मुताबिक जल्द ही इनका उद्घाटन किया जायेगा। उद्घघाटन के बाद इन गांवों के कोटेदार इसी भवन से राशन का वितरण कर सकेंगे।
सुगम होगी राशन वितरण की राह
गोदाम की व्यवस्था खत्म होने के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कोटेदारों के घर तक खाद्यान्न पहुंचने के लिए डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लागू है, लेकिन दूर दराज गांवों में कई कोटेदारों के घर ऐसी जगह पर होते हैं जहां ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं मिल पाती। अक्सर इन कोटेदारों को अपने हिस्से का खाद्यान्न ट्रकों से सड़क पर ही उतरना पड़ता है। इस व्यवस्था में बदलाव के लिए सरकार ने अन्नपूर्णा भवन मॉडल के तौर पर बना रही है। इसके लिए ऐसे स्थान या चयन किया गया है जहां यातायात का साधन पूरी तरीके से सुगम हो और ट्रांसपोर्टर का ट्रक दुकान पर हर हालत में पहुंच सके। अब तक 15 ग्राम पंचायतों में इन भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है।
ये भी पढ़ें -कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया, कहा - बजट में भी धोखा देने से बाज नहीं आई मोदी सरकार
