बरेली: आठ ब्लॉकों में बनेंगे मॉडल हाउस, डिप्टी सीएम करेंगे शिलान्यास
बरेली, अमृत विचार। जिले के आठ ब्लॉक परिसरों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास ग्रामीण के मॉडल हाउस बनाए जाएंगे। सभी बीडीओ को इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी सीएम अगले सप्ताह शिलान्यास कर सकते हैं।
ग्रामीणों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास बनवाए जा रहे हैं। इसी के तहत अब ब्लॉक परिसरों में मॉडल हाउस बनाए जाएंगे। इसमें योजना के बारे में जानकारी देने के साथ ही लोगों के जीवन में क्या बदलाव आया है, यह बताने की कोशिश रहेगी।
पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह ने बताया कि भुता, आलमपुर जाफराबाद, फरीदपुर, नवाबगंज, रामनगर, मझगवां समेत आठ ब्लॉकों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के बाकी सात ब्लॉकों में से तीन में जगह की दिक्कत है और चार में पर्याप्त बजट का अभाव है। पीडी के अनुसार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा 11-12 फरवरी को एक साथ पूरे प्रदेश के ब्लॉकों में बनने वाले मॉडल हाउस का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है।
ये भी पढे़ं- बरेली: छुट्टा पशु से टकराने के बाद आग का गोला बनी कार, कैशियर ने कूदकर बचाई अपनी जान
