बाराबंकी : पहली बार ऑनलाइन होगी चुनाव में जब्तीकरण की कार्रवाई, DM ने अफसरों को दिए निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। ज़िलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि आगामी लोकसभा निर्वाचन की प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण कार्य प्रशिक्षण है, प्रशिक्षण की व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव व्यवस्था को बेहद साफ़ सुथरा और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारियों को स्वयं अच्छा कार्य करने की प्रेरणा अपने अंदर से आनी चाहिए। चुनाव की व्यवस्था में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। चुनाव में जब्त होने वाली वस्तुओं का विवरण चुनाव आयोग के एक एप पर फीड करना होगा, यह व्यवस्था पहली बार लागू हो रही है। ज़िलाधिकारी लोक सभागार में आगामी चुनाव की तैयारियों के सम्बंध में आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि ईवीएम से सम्बंधित पूरा मैनुअल सम्बंधित सभी अधिकारी और कर्मचारी जरूर पढ़ लें, बल्कि इसे कंठस्थ कर लें। इससे जुड़ी हर बात जो मैनुअल में लिखी है और चुनाव आयोग के दिशानिर्देश प्राप्त हुए हैं, उन्हें अक्षरश: लागू किया जाना होगा। उन्होंने कहा कि ईवीएम मैनेजमेंट त्रुटिरहित होना चाहिए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की गलती अक्षम्य होगी। उन्होंने कहा कि ज़ब्ती की सारी कार्रवाई अबकी बार ऑनलाइन होगी। इसके अलावा स्वीप की गतिविधियों की रफ़्तार को तत्काल बढाया जाए। सभी कॉलेजों से लेकर विद्यालयों तक में हर सप्ताह के कार्यक्रमों को लागू किया जाए।
उन्होंने स्वीप का प्रभारी अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी को बनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन बूथों पर पिछले चुनाव में तीस प्रतिशत के आस पास वोट पड़े हैं, उन क्षेत्रों में मताधिकार के प्रयोग के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए और स्थानीय स्तर पर वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। बैठक में नवागत सीडीओ सुथान अब्दुल्ला, एडीएम अरुण सिंह, एएसपी एसएन सिन्हा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा बर्नवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -दलीय सीमाओं से उठकर प्रदेश के विकास के लिए सकारात्मक चर्चा का हिस्सा बने विपक्ष : सीएम योगी
